पाकबड़ा(मुरादाबाद)।
रविवार को भांडरी गांव में तालाब खुदवाने पहुंची राजस्व विभाग की टीम को ग्रामीणों ने खदेड़ दिया। एक माह से ग्रामीणों और राजस्व विभाग के बीच तालाब को लेकर विवाद चल रहा है। ग्रामीण राजस्व विभाग पर उत्पीड़न का आरोप लगा रहे हैं। राजस्व विभाग सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप ग्रामीणों पर लगा रहा है।
मामला थाना क्षेत्र के भांडरी गांव का है। विवाद का विषय एक तालाब है। एक तालाब सालों से है। इस तालाब को ग्रामीण किसान की जमीन बता रहे हैं और राजस्व विभाग के अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज है। इसी बात को लेकर ग्रामीण और राजस्व विभाग एक दूसरे से उलझे हुए हैं। बिलारी तहसील के कानूनगो गफूर अहमद और लेखपाल केदार सिंह अपने साथ पुलिस को लेकर समतल जमीन पर तालाब को खुदवाने के लिए पहुंचे थे। उनके साथ डम्पर और जेसीबी मशीन भी थी। इसकी भनक ग्रामीणों को लग गई। खुदाई होने से पहले ही ग्रामीण मौके पर आ गए और हंगामा करने लगे। भीड़ ने टीम को गांव से खदेड़ दिया। ग्राम प्रधान के पति इरशाद हुसैन ने बताया कि ग्राम पंचायत की ओर से तालाब खुदवाने की कार्य योजना बना दी गई है। राजस्व विभाग को इस बारे में बता दिया गया था। तालाब की जमीन को कब्जा मुक्त करा दिया गया है लेकिन फिर भी आज राजस्व विभाग की टीम तालाब खोदने को जेसीबी लेकर पहुंच गई जिसका विरोध ग्रामीणों ने कर दिया। राजस्व निरिक्षक गफूर अहमद ने बताया की ग्रामीणों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली है।