चंदौसी। कोतवाली के गौशाला रोड पर शाम ढलते ही तीन बाइक पर सवार छह बदमाशों ने पैदल जा रहे युवक से बीस हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने मौके पर जाकर जानकारी ली। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशो के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
शहर में बदमाशों के हौंसले बुलंद है। वह दिन ढलते ही लूट जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे है। शनिवार की शाम उपेंद्र सिंह पुत्र रंगपाल सिंह निवासी मोहल्ला भगवती विहार गौशाला रोड स्थित यदुवंशी गार्डन के बाहर लगे एसबीआई एटीएम से दीपावली का सामान खरीदने के लिए बीस हजार रुपये निकालकर ले जा रहा था। उपेंद्र पैदल ही शहर की ओर चल दिया। जब वह आवास विकास चौराहे के पास पहुंचा तो पीछे से तीन बाइकों पर छह बदमाश वहां पहुंचे और ऊपर की जेब में रखे बीस हजार रुपये निकाल लिए। जब उपेंद्र ने लूट का विरोध किया तो उसको मारपीट कर घायल कर दिया। इस दौरान शोर होने पर वहां काफी लोग पहुंच गए। भीड़ आती देख बाइक सवार बदमाश आवास विकास मयूर बिहार की ओर भाग गए। बदमाशो के भागने के दौरान उपेंद्र ने एक बाइक का फोटो भी मोबाइल से खींच लिया। वारदात के बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उपेंद्र से घटना की जानकारी ली। उपेंद्र ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।