मुरादाबाद। रामलीला ग्राउंड में आयोजित भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली में 45 वर्षीय व्यक्ति एक चाकू लेकर पहुंच गया। वीआईपी एंट्री गेट से घुसने की कोशिश करते समय चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने जब उससे चाकू बरामद किया तो हड़कंप मच गया। पुलिस के अलावा खुफिया विभाग के अफसर वहां पहुंचे। आरोपी को हिरासत में लेकर उसे थाने ले आया गया, जहां पर आईबी समेत खुफिया एजेंसियों के अफसरों ने उससे कई राउंड पूछताछ की।
एसएचओ मझोला विकास सक्सेना ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मोलक राज जैन है। बागपत के बड़ोत स्थित इलवाड़ी का रहने वाला है। वर्तमान में वह सहारनपुर के कैंप चौकी क्षेत्र में रहता है। रोजाना ट्रेन से वह सहारनपुर से मुरादाबाद में सफर कर चने बेचता है। बकौल एसएचओ पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चाकू का इस्तेमाल वह प्याज काटने के लिए करता है, खुद वह मोदी का फैन है। जब वह सोमवार को रेलवे स्टेशन पहुंचा तो पता चला कि पास में ही अमित शाह की रैली है, इसलिए वह रैली में अमित शाह के भाषण सुनने और उनको देखने के लिए आया था। एसएचओ ने बताया कि आरोपी ने शांति व्यवस्था में खलल डाला है, इसलिए उसके खिलाफ शांतिभंग का मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।