राबिया के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि राबिया की गला घोंटकर हत्या की गई थी। शमशाद पिता, भाई दिलशाद और बहनोई उवैश की गिरफ्तारी के बाद गुरुवार की सुबह पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में राबिया के शव को कब्रिस्तान से निकाला। इस दौरान उसके पिता भी मौजूद थे। शव को कब्र से निकालने की खबर मिलते ही आसपास के सैकड़ों लोग कब्रिस्तान पहुंच गए। इस दौरान वहां मौजूद महिला एवं पुरुष हत्या आरोपियों को बद्दुआएं देते रहे लेकिन पुलिस हिरासत में पिता बेटी का शव देखकर भी हंसता रहा। न तो उसके चेहरे पर बेटी की हत्या का पछतावा था, न ही लोगों की बददुआओं की फिक्र। लोगों का कहना है कि झूठी शान की खातिर हत्यारोपियों ने एक प्रेमी जोड़े को मौत की नींद सुला दिया।
सुबह साढे़ दस बजे राबिया का शव कब्र से निकलवाने के लिए पाकबड़ा पुलिस की टीम प्रशासनिक अफसरों के साथ करबला कब्रिस्तान पहुंच गई। दस बजकर 50 मिनट पर कब्र खोदना शुरू हुआ, करीब दस मिनट तक खुदाई की गई। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और राबिया के पिता से शिनाख्त करवाई। पांच दिन से अधिक का समय बीत जाने के कारण शव गलने लगा था। उसी समय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया जहां पर डॉक्टरों के पैनल की रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ है कि राबिया की मौत गला घोंट दिए जाने के कारण हुई थी। एसएचओ पाकबड़ा गजेंद्र त्यागी ने बताया कि राबिया के पिता शमशाद को बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे भी जेल भेज दिया गया है। राबिया के पति आरिफ की हत्या में भूमिका सामने नहीं आया है लेकिन अभी जांच जारी है।
ये था मामला
मुरादाबाद। बरेली स्थित सिरौली निवासी फाजिल का शव शनिवार को पाकबड़ा में लावारिस हालत में मिला था। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। रविवार को शव की शिनाख्त हुई। परिवार वालों ने आरोप लगाया कि करूला निवासी राबिया के परिवार वालों ने फाजिल की हत्या की है। राबिया शादीशुदा है, उसके फाजिल से प्रेम संबंध है। इसके बाद पता चला कि राबिया की भी गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत होना बताकर शव को दफना दिया गया था। इस दोहरे हत्याकांड में राबिया के पिता शमशाद, भाई दिलशाद और रिश्ते के जीजा उवैश निवासी इमरतपुर फखरुद्दीन थाना कुंदरकी को गिरफ्तार किया गया है।