रेलवे की ग्रुप डी परीक्षा देने आईं तीन युवतियों के गहने , घड़ी, मोबाइल एक ठग महिला ने हड़प लिए । इस मामले की शिकायत सिविल लाइन पुलिस से की गई है। चोरी की आरोपी युवती की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने उसके पते के बारे में जानकारी की। युवती से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि गहने वह एक महिला सुरक्षाकर्मी को देकर चली गई थी। रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
रामपुर स्थित पुलिस लाइन निवासी रमा देवी ने बताया कि सोमवार सुबह साढे़ सात बजे से उनकी परीक्षा थी। वह राम गंगा विहार स्थित एक इंस्टीटयूट में परीक्षा देने पहुंची तो चेकिंग के दौरान सुरक्षाकर्मियाें ने गहने उतारने के लिए कहा। उनके कहने से रमा देवी, शशि बाला और नीतू निवासी बिलारी ने गहने उतार दिए लेकिन उन गहनों को रखने के लिए सुरक्षित स्थान सुरक्षाकर्मियों ने नहीं दिया।
परीक्षा के लिए देरी होते देख तीनों युवतियों ने गहने वहां पर मौजूद चौथी युवती के बैग में रख दिए। चेकिंग के दूसरे पड़ाव पर ही चौथी युवती के पास परीक्षा के लिए जरूरी दस्तावेज नहीं मिले तो उसको दस्तावेज लेकर आने के लिए कहा गया। रमा, शशिबाला और नीतू परीक्षा देने के लिए चली गई जबकि चौथी युवती कालेज से बाहर निकल गई और वापस नहीं आईं। परीक्षा खत्म होने के बाद रमा सहित तीनों युवतियों ने गहने लेकर पर्स में रखने वाली युवती की तलाश की लेकिन वह नहीं मिली।
इंस्पेक्टर सिविल लाइन अवधेश ने बताया कि तीनों युवतियों की ओर से तहरीर मिली है। हड़पे गए गहनों में एक सोने की चेन, तीन अंगूठी, एक मोबाइल, चार जोड़ी कुंडल, तीन नाक की लौंग, बिछुए हैं। इसके अलावा मोबाइल, घड़ी सहित एक पर्स भी हड़पे जाने का आरोप है। पुलिस ने जांच की तो सीसीटीवी में आरोपी युवती की तस्वीर कैद मिली है। रोल नंबर के आधार पर युवती के बारे में जानकारी एकत्रित की गई। आरोपी युवती ने बताया कि दस्तावेज न मिलने पर वह परीक्षा नहीं दे सकी तो गहने एक महिला सुरक्षाकर्मी को देकर चली गई थी, लेकिन महिला सुरक्षाकर्मी ने इससे इंकार किया है। मंगलवार को दोबारा दोनों से पूछताछ की जाएगी।