पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर शहर में 32 हजार अभ्यर्थियों के साथ लगभग 60 हजार लोगों की भीड़ और सैकड़ों वाहनों ने शहर जाम कर दिया। इस वजह से सोमवार सुबह से ही शहर के मुख्य मार्ग दिल्ली हाईवे, कांठ रोड, स्टेशन रोड पर जाम लग गया और देर शाम तक वाहन सड़कों पर रेंगते रहे। यातायात पुलिस की ओर से की गई व्यवस्था भी ठप्प हो गई। जाम की वजह से शाम तक अभ्यर्थियों, वाहनों में सवार लोग और स्थानीय लोगों को परेशानी हुई। देर शाम तक लोग जाम से जूझते रहे।
सोमवार को उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही पद के लिए करीब 32 हजार अभ्यर्थियों की परीक्षा जनपद के 28 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। अभ्यर्थियों के साथ उनके परिवार के लोग भी शहर में आए। करीब 60 हजार से अधिक लोगों की भीड़ अचानक शहर में बढ़ गई। इनमें से ज्यादातर लोग बस और ट्रेनों में बैठकर मुरादाबाद पहुंचे थे। जिस वजह से रविवार देर रात से ही रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, होटलों, धर्मशालाओं में भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। सुबह परीक्षा का समय आते ही परीक्षा केंद्र पर जाने के लिए अभ्यर्थी सड़कों पर आए तो हर तरफ जाम लगना शुरू हो गया। रेलवे स्टेशन रोड, दिल्ली हाईवे, कांठ रोड, पीएसी तिराहा, फव्वारा चौक, पीली कोठी चौराहा, करूला पुल, गुरहट्टी चौराहा, इंपीरियल तिराहा पर सबसे ज्यादा जाम की स्थिति रही।
भीड़ की वजह से सवारी वाहन भी अभ्यर्थियों को नहीं मिले। कंट्रोल रूम में वाहन सवारों ने जाम से छुटकारा दिलाने के लिए कॉल की तो यातायात पुलिस के साथ सिविल पुलिस को भी जाम खुलवाने के लिए लगाया गया। इस दौरान जो अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र से दो किलोमीटर दूर तक रुके थे उन्होंने पैदल ही परीक्षा केंद्र तक का सफर तय किया। जाम की वजह से कई अभ्यर्थियों को परीक्षा कें द्र तक पहुंचने में देर भी हुई।
बसों की छत पर बैठकर, आटो पर लटककर किया सफर
परीक्षा खत्म होने के बाद भी देर शाम तक शहर में जाम की स्थिति बनी रही। सवारी वाहनों की कमी की वजह से परीक्षा देने के बाद अभ्यर्थियों को वाहन चालक रोडवेज बसों की छतों पर बैठकर, आटो पर लगी लोहे की रॉड पर खडे़ होकर देर शाम को वापस सफर करना पड़ा। इससे हादसे का भी डर बना हुआ था।
यातायात पुलिस नाकाम
साढे़ 32 हजार अभ्यर्थियों की परीक्षा के लिए यातायात व्यवस्था की तरफ से की गई सारी व्यवस्था पूरी तरह फेल रही। न तो परीक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पहले से कोई डायवर्जन किया था न ही सुबह माल वाहक वाहनों को शहर में आने से रोका गया। बसों और माल वाहक वाहनों की वजह से स्थिति बिगड़ती गई। जब शहर में चारों तरफ जाम लग गया तो पुलिस ने परीक्षा शुरू होने के समय काशीराम नगर तिराहे पर बेरिकेडिंग की और माल वाहक वाहनों और कारों को लोकोशेड पुल की ओर जाने से रोक दिया। इन वाहनों को काशीराम नगर तिराहे से फकीरपुरा रेलवे क्रासिंग होते हुए कांठ रोड की ओर भेजा गया।
बयान
‘शहर में 60 हजार से अधिक लोगों की भीड़ बढ़ गई थी, वह लोग निजी वाहनों से भी आए। जिस वजह से जाम की स्थिति बन गई थी। थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मंगाकर जाम पर काबू पाने का प्रयास किया है।’
सतीश चंद्र, एसपी यातायात