मुरादाबाद। शहर की मानसरोवर कॉलोनी में लोगों के विरोध प्रदर्शन के बाद नगर निगम की टीम ने बुधवार को बुजुर्ग दंपती के मकान से 11 कुत्तों को बाहर निकलवाकर जबरन देहरादून भिजवा दिया, लेकिन बुजुर्ग दंपती 24 घंटे तक कुत्तों को सड़क पर घुमाने के बाद बृहस्पतिवार रात मझोला थाने पहुंच गए और धरना शुरू कर दिया। बुजुर्ग दंपती की बेटी ने पुलिस अफसरों और पूर्व सांसद मेनका गांधी से कुत्तों को दोबारा मकान में रखवाने और माता-पिता की सुरक्षा की गुहार लगाई। देर रात तक बुजुर्ग दंपती और मेनका गांधी की संस्था पीपल फाॅर एनिमल्स के सदस्य थाने में माैजूद रहे।
मझोला के मानसरोवर कॉलोनी स्थित मकान में रेलवे से सेवानिवृत्त कमलेश शर्मा और खाद्य विभाग से सेवानिवृत्त उनके पति बीएल शर्मा रहते हैं। बुजुर्ग दंपती की बेटी देहरादून में रहती हैं। दंपती ने तीन साल पहले देसी कुत्तों को खाना खिलाना शुरू किया था। इसके बाद कॉलोनी में घूमने वाले कुत्ते बुजुर्ग दंपती के मकान के सामने आकर बैठने लगे। धीरे-धीरे दंपती ने 18 कुत्तों को अपने घर में रखना शुरू कर दिया। देहरादून में रह रहीं दंपती की बेटी भी जब मुरादाबाद आती हैं तो कुत्तों की सेवा करती हैं।
हालांकि, कुत्तों के भौंकने और गंदगी करने के कारण कॉलोनी के लोग परेशान होने लगे। पिछले तीन दिन से कॉलोनीवासी कुत्ता पालने को लेकर विरोध कर रहे हैं। बुधवार को कॉलोनी की महिलाएं और पुरुष धरने पर बैठ गए और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस के साथ ही नगर निगम की टीम पहुंच गई और लोगों को समझाया, लेकिन लोग नहीं माने। कहा कि कुत्तों को घर से हटाने तक धरना नहीं खत्म करेंगे।
इसके बाद नगर निगम की टीम ने दबाव बनाया तो दंपती कुत्तों को बाहर ले जाने को राजी हो गए। बुधवार रात ही नगर निगम की टीम ने गाड़ी मंगवा ली, लेकिन दंपती ने कहा कि वह अपने गाड़ी से कुत्ते ले जाएंगे। रात करीब साढ़े आठ बजे 11 कुत्तों को गाड़ी में बैठाकर बीएल शर्मा ड्राइवर के साथ देहरादून के लिए निकल गए। सात कुत्तों के साथ बुजुर्ग महिला अपने घर में रहीं।
बुजुर्ग दंपती की बेटी ओजस्वी शर्मा ने कहा कि उनके पिता और कुत्तों को जबरन मकान से निकाला गया। मेरे माता-पिता बहुत परेशान हैं। उन्होंने बताया कि 24 घंटे बाद भी पिता देहरादून नहीं पहुंचे हैं। वह सड़कों पर ही कुत्तों को लेकर भटक रहे हैं। मेनका गांधी के दखल के बाद मामला तूल पकड़ गया। बृहस्पतिवार रात बुजुर्ग दंपती गाड़ी में कुत्तों को लेकर मझोला थाने पहुंच गए और थाने पर धरना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर मेनका गांधी की संस्था के सदस्य भी पहुंच गए। उन्होंने कुत्तों को दोबारा मकान में रखवाने की मांग की है।
-
पूर्व सांसद मेनका गांधी ने दिया दखल
नगर निगम और पुलिस से ली मामले की जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। कुत्तों को मकान से निकलवाकर दूसरे शहर भिजवाने के मामले में पूर्व सांसद मेनका गांधी ने दखल दिया है। उन्होंने इस पूरे मामले में नगर निगम और पुलिस से जानकारी ली। बुजुर्ग दंपती की बेटी ओजस्वी शर्मा का कहना है कि मेनका गांधी ने उनसे भी फोन पर बात कर कुत्तों को दोबारा घर में रखवाने का आश्वासन दिया है।
ओजस्वी ने बताया कि उन्होंने मेल के जरिये पूर्व सांसद एवं पीपल एनिमल्स की संरक्षक मेनका गांधी को पूरे मामले की जानकारी दी। उन्हें बताया कि उनके माता-पिता कुत्तों को पालते हैं, लेकिन कॉलोनी के लोग उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। इसके बाद मेनका गांधी ने मामले में दखल दी। ओजस्वी शर्मा को फोन पर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इसके अलावा मेनका गांधी ने पुलिस अफसरों से भी पूरे मामले की जानकारी ली।