मुरादाबाद। रामपुर में कोरोना पाजिटिव पाए गए उत्तराखंड के पांच जमाती अपने आठ अन्य साथियों संग मुरादाबाद की 10 मस्जिदों और एक घर में एक महीने से भी अधिक वक्त तक रुके थे। यह सभी दिल्ली निजामुद्दीन मरकज में शामिल होकर मुरादाबाद लौटे थे। इस जमात के मुरादाबाद में ठहरने की सूचना से पुलिस - प्रशासनिक अमले और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। रात में ही डीएम राकेश सिंह और एसएसपी अमित पाठक ने कलक्ट्रेट में स्वास्थ्य विभाग और अन्य विभागों की बैठक बुलाकर ताजा हालात से निपटने की रणनीति तैयार की है। डीएम ने आनन फानन इन इलाकों को कंटेनमेंट (सील) करने के आदेश दिए हैं। अगले आदेशों तक यह इलाके सील रहेेेंगे। सभी 10 मस्जिद जहां यह जमात रुकी थी उन्हें विसंक्रमित किया जाएगा और पूरे इलाके में हेल्थ सर्वे होगा। मस्जिदों के एक - एक किमी के दायरे को सैनिटाइज किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि रामपुर में कोरोना पाजिटिव मिले पांचों जमाती अपने आठ अन्य साथियों के संग 27 फरवरी को मुरादाबाद पहुंचे थे। दिल्ली मरकज से हिस्सा लेेकर लौटे तब्दलीगी जमात के सभी 13 जमाती पीतल बस्ती बस अड्डे पर उतरे थे। यहां से सभी जमाती गलशहीद थाना क्षेत्र में स्थित पक्की मरकज गए थे। डीएम ने बताया कि पक्की मरकज में कुछ दिन रुकने के बाद यह जमात मुगलपुरा थाना क्षेत्र में स्थित नल वाली मस्जिद में जाकर रुके। यहां से मुगलपुरा में ही धोबियों वाली मस्जिद में जाकर ठहरे और फिर मुगलपुरा की ही खिजरा मस्जिद एवं किनारे वाली मस्जिद में जाकर रुके। इसके बाद सभी 13 जमाती मझोला थाना क्षेत्र में स्थित बाग शहजादी मस्जिद पहुंचे। यहां कुछ दिन रुकने के बाद जमाती मझोला में ही आयशा मस्जिद और फिर राशिद मस्जिद में जाकर रुके। इसके कुछ दिन बाद वापस यह पूरी जमात मुगलपुरा थाना क्षेत्र में महल सराय मस्जिद पहुंची। यहां से मुगलपुरा में ही आयशा मस्जिद में जाकर भी जमाती रुके। इसके बाद यह जमात मुगलपुरा में ही तबेला के पास स्थित इमरान के मकान में जाकर रुके। एक अप्रैल को यह जमात मुरादाबाद से उत्तराखंड के लिए निकली थी। डीएम ने बताया कि 13 जमातियों की इस जमात में 11 जमाती हल्द्वानी और बाकी को ऊधमसिंह नगर के थे।
इस जमात के 11 लोग रामपुर की टांडा पुलिस ने पकड़ लिए थे जबकि दो लोग बार्डर पार करके उत्तराखंड चले गए थे। पकड़े गए 11 में से पांच लोग ही अब रामपुर में कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। डीएम ने बताया कि सूचना मिलते ही विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। डीएम ने बताया कि सभी 10 मस्जिदों को विसंक्रमित किया जाएगा। इन सभी इलाकों को तत्काल सील करने के आदेश पुलिस को दिए गए हैं। इन इलाकों में एक - एक किमी के दायरे में स्वास्थ्य विभाग की टीमें एएनएम, आशा वर्कर और आंगनबाड़ी कार्यकत्री की मदद से घर - घर जाकर हरेक नागरिक का स्वास्थ्य सर्वे करेंगी। नगर की टीमें पूरे इलाके में हाईपोक्लोराइड का छिड़काव कर पूरे इलाकों को सैनिटाइज करेंगी। इलाकाें के कंटेनमेंट की जिम्मेदारी पुलिस विभाग को दी गई है। स्वास्थ्य सर्वे पूरा होने तक इन इलाकों से कोई भी व्यक्ति बाहर नहीं जाएगा। बाहर से भी कोई व्यक्ति इन इलाकों में नहीं जा जाएगा।
संपर्क में आया हरेक शख्स होगा क्वारंटीन
मुरादाबाद। डीएम ने बताया कि जमातियों के संपर्क में आए हरेक व्यक्ति को क्वारंटीन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस की मदद से ऐसे लोगों को चिन्हित करने के काम पर जुट गई है। जिन भी इलाकों में जमाती रहे हैं उसके पूरे एक किमी के दायरे में रहने वाले हरेक व्यक्ति का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
रुद्रपुर का जमाती भी रहा था मुरादाबाद में
मुरादाबाद। रुद्रपुर में कोरोना पाजिटिव पाया गया एक जमाती भी मुरादाबाद में रहकर गया था। डीएम ने बताया कि जिस इलाके में वह रुका था उस पूरे इलाके को सील करके सैनिटाइज कराया जा चुका है। वहां भी इसी तरह हेल्थ सर्वे कराया जा रहा है।