मुरादाबाद। आइसोलेशन वार्ड में कोरोना पाजिटिव युवती का इलाज और आशंकित लोगों की स्क्रीनिंग करने वाले पैनल में मंगलवार से चिकित्सकों और स्टाफ की ड्यूटी बदल गई है। अभी तक ड्यूटी करने वाले चार डाक्टर समेत 20 लोग मंगलवार रात से कपूर कंपनी स्थित एक होटल में 14 दिनों के लिए क्वारंटीन में रखा गया है। पैनल में शामिल होने वाले डाक्टर और स्टाफ कर्मी भी बुधवार से अपने घर नहीं जा सकेंगे। ड्यूटी करने के बाद डाक्टर और स्टाफ भी होटल में रुकेंगे।
कोरोना मरीजों का इलाज करने वाले चिकित्सकों और स्टाफ में संक्रमण का सबसे अधिक खतरा है। चिकित्सकों, स्टाफ और उनके परिवार की सुरक्षा की दृष्टि से सरकार ने कई कदम उठाए हैं। प्रत्येक 14 दिन में पैनल के चिकित्सकों और स्टाफ की ड्यूटी बदली जाएगी। ड्यूटी करने वालों को 14 दिन तक होटल में क्वारंटीन रखा जाएगा। मंगलवार को आइसोलेशन वार्ड में ड्यूटी करने वाले डा. प्रवीण शाह, डा. एनके मिश्रा, डा. सुमन चौधरी और डा. एके श्रीवास्तव समेत पांच स्टाफ नर्स, पांच आया, तीन वार्ड ब्वाय और तीन सफाई कर्मियों को कपूर कंपनी स्थित होटल में क्वारंटीन कर दिया है।
जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड के लिए नए डाक्टर और स्टाफ का ड्यूटी चार्ज जारी हो गया है। इनमें डा. शेर सिंह कक्कड़ और डा. अब्दुल कादिर अंसारी समेत चार नर्स, तीन स्टाफ नर्से, तीन आया और दो वार्ड ब्वाय और दो सफाई कर्मी शामिल हैं। सरकार ने सुरक्षा की दृष्टि से नई गाइड लाइन जारी की है। इनमें अब ड्यूटी करने वाले डाक्टर और स्टाफ भी अपने घर नहीं जा सकेंगे। ड्यूटी पूरी करने के बाद सभी लोग होटल में ही क्वारंटीन होंगे। इनके लिए भी कपूर कंपनी का होटल रिजर्व किया गया है। प्रशासन ने चिकित्सकों और स्टाफ के मुरादाबाद के तीन होटलों को रिजर्व किया है।