फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: कहीं बंद तो कहीं खराब पड़े हैं सहकारी बैंक के एटीएम

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। सहकारी बैंक के ग्राहकों के लिए एटीएम की सुविधा लगातार सिमटती जा रही है। शहर में कहीं एटीएम लंबे समय से बंद पड़े हैं तो कहीं तकनीकी खराबी के कारण जरूरत के समय नकदी नहीं निकल पा रही है। बृहस्पतिवार को अमर उजाला की टीम ने मुरादाबाद जिला सहकारी बैंक के एटीएम का हाल जाना तो हकीकत सामने आई। कटघर स्थित सहकारी बैंक का एटीएम करीब दो साल से बंद है, जबकि डबल फाटक स्थित एटीएम में तकनीकी खराबी के कारण ग्राहक नकदी नहीं निकाल सके। इसी तरह जिले में कई एटीएम बंद या खराब होने पर ग्राहकों को दूसरे बैंक के एटीएम का सहारा लेना पड़ रहा है।
विज्ञापन


00




केस-1 :

दो साल से एटीएम बंद, बैंक बंद होने पर बढ़ती है परेशानी

मुरादाबाद जिला सहकारी बैंक की कटघर शाखा का एटीएम करीब दो साल से अधिक समय से बंद पड़ा है। इससे शाखा के खाताधारकों को नकदी निकालने के लिए बैंक पर निर्भर रहना पड़ता है। खाताधारक श्यामा रस्तोगी ने बताया कि बैंक खुला होने पर तो शाखा से रुपये निकाल लिए जाते हैं। लेकिन जिस दिन बैंक बंद रहता है, उस दिन सबसे ज्यादा परेशानी होती है। अचानक रुपये की जरूरत पड़ने पर दूसरे बैंक के एटीएम की तलाश करनी पड़ती है। दूसरे बैंक के एटीएम से निर्धारित सीमा से अधिक ट्रांजेक्शन करने पर शुल्क भी देना पड़ता है। खाताधारक रमेश सिंह ने बताया कि एटीएम बंद होने के कारण अब रुपये निकालने के लिए बैंक शाखा जाना पड़ता है।
केस-2 :
रास्ते में रुपये निकालने पहुंचे, मशीन खराब मिली

-डबल फाटक स्थित मुरादाबाद जिला सहकारी बैंक का एटीएम बृहस्पतिवार को तकनीकी खराबी के कारण काम नहीं कर रहा था। रुपये निकालने पहुंचे कई ग्राहकों को बिना नकदी लिए ही लौटना पड़ा। ग्राहक आलोक सैनी ने बताया कि उनका खाता सिविल लाइंस स्थित दूसरी शाखा में है। रास्ते में एटीएम देखकर रुपये निकालने के लिए रुके थे, लेकिन मशीन खराब होने के कारण नकदी नहीं निकल सकी। अब उन्हें दूसरे एटीएम की तलाश करनी पड़ेगी।
विज्ञापन

केस-3 :

मोबाइल एटीएम वैन भी नियमित नहीं
-स्थायी एटीएम की सुविधा से दूर क्षेत्रों के ग्राहकों को नकदी निकासी की सुविधा देने के लिए मुरादाबाद जिला सहकारी बैंक के पास मोबाइल एटीएम वैन भी है। इसका उद्देश्य जरूरत के अनुसार अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर ग्राहकों को एटीएम सुविधा उपलब्ध कराना है। लेकिन इसका नियमित संचालन नहीं हो पा रहा है। बृहस्पतिवार को वैन चलाने के लिए कर्मचारी उपलब्ध नहीं होने के कारण यह बैंक मुख्यालय में खड़ी रही। अधिकारियों का कहना है कि इसे अगवानपुर समेत अन्य क्षेत्रों में भेजा जाता है। लेकिन कर्मचारी की कमी है। इसकी वजह से वैन को भेजा नहीं गया।

00
26 से घटकर 12 रह गए एटीएम, एक साल में पांच बंद

-जिले में मुरादाबाद जिला सहकारी बैंक की 47 शाखाएं हैं। इस बैंक के जिले में कभी 26 एटीएम संचालित होते थे, लेकिन अब इनकी संख्या घटकर 12 रह गई है। जिला सहकारी बैंक के एटीएम नेटवर्क में लगातार कमी आई है। पिछले एक साल में ही पांच एटीएम बंद हुए हैं। यानी एक साल में एटीएम नेटवर्क में करीब 29 प्रतिशत की कमी आई है। एटीएम की संख्या घटने और कुछ मशीनों के खराब रहने से ग्राहकों के लिए नकदी निकासी की सुविधा प्रभावित हो रही है।

00

पांच ट्रांजैक्शन के बाद हर बार 20 रुपये शुल्क
-सहकारी बैंक कटघर के शाखा प्रबंधक नागेश्वर वर्मा ने बताया कि सहकारी बैंक के एटीएम कार्डधारक दूसरे बैंक के एटीएम से एक महीने में पांच बार रुपये निकाल सकते हैं। इसके बाद दूसरे बैंक के एटीएम से प्रत्येक ट्रांजेक्शन पर 20 रुपये शुल्क लगता है।
00
वर्जन

-एटीएम में कुछ तकनीकी दिक्कत आ गई है। इसे ठीक कराने के लिए मेल कर दिया गया है। जल्द ही इसे ठीक करा दिया जाएगा।-ओंकार सिंह, शाखा प्रबंधक, सहकारी बैंक शिवपुरी, डबल फाटक

कटघर का एटीएम करीब दो साल से बंद है। मुख्यालय स्तर से इस पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बैंक शाखा में रुपये निकालने आने वाले ग्राहकों को तत्काल सुविधा उपलब्ध करा दी जाती है।-नागेश्वर वर्मा, शाखा प्रबंधक, सहकारी बैंक कटघर
-सहकारी बैंक के जिले में जो भी एटीएम बंद हैं, उन्हें दोबारा चालू करने की तैयारी की जा रही है। बोर्ड की बैठक में सहमति मिलने के बाद बंद एटीएम को जल्द ही फिर से शुरू करा दिया जाएगा।- प्रेम सिंह, सचिव/ मुख्य कार्यपालक अधिकारी, मुरादाबाद जिला सहकारी बैंक
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें