मुरादाबाद। अपनी खोयी सियासी जमीन तलाश रही कांग्रेस अब गांवों की ओर रुख करेगी। कांग्रेसी 19 से 21 अगस्त तक गांवों में 75 घंटे गुजारेंगे। यहां रात्रि विश्राम के साथ ही प्रभातफेरी निकालेंगे और घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। साथ ही कोरोना पीड़ित परिवारों में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का संदेश बांटा जाएगा।
जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद ने बताया कि प्रत्येक न्याय पंचायत के किसी एक गांव में जिले के पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों और टिकट के दावेदारों को 19 से 21 तक 75 घंटे प्रवास करने का विस्तृत कार्यक्रम है। इन तीन दिनों में प्रभात फेरी, हर घर से संपर्क, वहीं पर भोजन, रात्रि प्रवास के अलावा सोशल मीडिया में लाइव प्रसारण भी शामिल हैं। जिलाध्यक्ष के मुताबिक जय भारत महा संवाद के दौरान गांव में कोरोना से पीड़ित परिवारों को पार्टी नेता प्रियंका गांधी का संदेश भी बांटा जाएगा। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती भी ग्राम इकाई के साथ मनाई जाएगी।