मुरादाबाद। एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) पर एक ओर जहां फर्जी शिकायत के मामले आते हैं, वहीं फर्जी निस्तारण की भी शिकायतें आती हैं। लेकिन, अब किसी भी शिकायत की विशेष बंदी (स्पेशल क्लोज) नहीं की जा सकेगी।
मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने शुक्रवार को विकास भवन में समीक्षा के दौरान शिकायत के स्पेशल क्लोज पर प्रतिबंध लगाते हुए कहा कि शिकायत का निस्तारण कर मौके पर जियो टैग फोटो सहित अपलोड करना होगा। किसी भी शिकायत को स्पेशल क्लोज नहीं करने, शिकायत प्राप्त होने के तुरंत बाद उस पर प्रभावी कार्रवाई करने, शिकायतकर्ता से संपर्क कर जियो टैग फोटो सहित आख्या अपलोड करने के निर्देश दिए।
यह भी निर्देश दिए कि निस्तारण करने से पूर्व शिकायतकर्ता से वार्ता अवश्य की जाए। क्या निस्तारण किया, यह शिकायतकर्ता को बताया भी जाए। बैठक में परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त स्वतः रोजगार एवं विकास भवन तथा विकास खंड से आए आईजीआरएस के कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल रहे।