मुरादाबाद। देहरादून में मंगलवार सुबह बादल फटने से भारी तबाही हुई है। देहरादून में आसन नदी में परवल के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठे 14 मजदूर नदी में बह गए। आठ लोगों के शव अलग-अलग जगहों से बरामद हुए हैं। इस तबाही में मुरादाबाद के मुंडिया जैन गांव निवासी हर चरण सैनी, उनकी पत्नी सोमवती, बहू रीना समेत छह लोगों की मौत हो गई। जबकि हरचरण के दो बेटे राजकुमार, होराम और एक महिला सुंदरी समेत छह मजदूर लापता हैं। इस हादसे में सुंदरी के पति मदन की भी जान चली गई। दूसरी ओर देहरादून क्षेत्र के बाजावाला में रिस्पना नदी से बजरफुट निकालते समय अमरोहा के रहरा निवासी तीन मजदूर बह गए। इनमें एक मजदूर पंकज (27) शव मिल गया है। सभी के परिजन देहरादून पहुंच गए हैं। मुरादाबाद जिले के बिलारी तहसील के सोनकपुर थाना क्षेत्र के मुंडिया जैन गांव निवासी हर चरण सैनी अपने परिवार के साथ उत्तराखंड में देहरादून के परवल गांव में मजदूरी करने गए थे। इनके गांव के अन्य लोग भी साथ गए थे। मंगलवार की सुबह यह सभी लोग इसी गांव के कुछ अन्य मजदूर साथियों के साथ आसन नदी के किनारे बजरफुट और रेत निकालने गए थे। सोमवार की देर रात के बाद देहरादून के सहस्त्रधारा के पास अचानक बादल फट गया जिसकी वजह से आसन नदी का जलस्तर बढ़ गया। अचानक नदी में तेज बहाव के साथ पानी आता देख मौके पर काम कर रहे मजदूर जान बचाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॅाली में चढ़ गए। पानी का बहाव इतना तेज था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटकर नदी में बह गई।
इस दौरान नदी के किनारे खड़े परिजन अपनों की जान बचाने के लिए चीखते चिल्लाते रहे लेकिन अगले ही पल ट्रैक्टर-ट्रॉली दोबारा पलट गई और सभी लोग पानी की तेज धार में बह गए। हालांकि दो मजदूरों की किस्मत अच्छी थी। उन्होंने समय रहते झाड़ियों और बड़े पत्थरों को पकड़ लिया था जिसके बाद पुलिस ने इन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया। जबकि आठ मजदूरों के क्षत-विक्षत शव पुलिस ने कई किलोमीटर दूर बरामद किए। इनमें छह मुरादाबाद की बिलारी तहसील के मुंडिया जैन निवासी हैं जबकि जिले के तीन मजदूर लापता हैं।
अमरोहा से मजदूरी करने गए थे 11 लोग, रिस्पना नदी में पानी बढ़ने से तीन बहे
अमरोहा के रहरा और आसपास के गांव के रहने वाले 11 मजदूर देहरादून क्षेत्र के बाजावाला में मजदूरी करने गए थे। उनके परिजनों ने बताया कि रिस्पना नदी से बजरफुट निकाला जा रहा था। यह मजदूर इसी काम में लगे थे। मंगलवार सुबह बादल फटने से रहरा निवासी मजदूर पुष्पेंद्र (20), पीतम (22) और पंकज (27) बह गए। जानकारी के मुताबिक पंकज का शव मिल गया है। अन्य दो की तलाश की जा रही है।
-
इन लोगों की चली गई जान
- आसन नदी में परवल के पास मुरादाबाद के मुंडिया जैन के बहे लोग
- सोमवती (65) पत्नी हरचरण सैनी
- रीना (30) पत्नी हरिराम
- हरचरण सैनी(60) पुत्र फूल सिंह
- मदन(45) पुत्र भरत निवासी
- नरेश (50) पुत्र कुंवर सैन
- किरण पत्नी अमरपाल
लापता-
राज कुमार पुत्र हर चरण
होराम पुत्र हर चरण
सुंदरी पत्नी मदन
-
रिस्पना नदी में हादसे में अमरोहा का जान गंवाने वाला मजदूर
पंकज (27)
लापता-
पुष्पेंद्र (20), पीतम (22)
-