मुरादाबाद। क्रिकेट, कबड्डी और फुटबाल की तर्ज पर अब प्रदेश में पहली बार हैंडबॉल लीग शुरू होने जा रही है। आईपीएल की तर्ज पर यह लीग दिसंबर में नोएडा में खेली जाएगी। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन ने इसका खाका तैयार कर लिया है। इस लीग को लेकर मुरादाबाद के खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। खिलाड़ियों का कहना है कि लीग के शुरू होने से उन्हें अच्छा मंच मिलेगा और इससे उन्हें आगे बढ़ने का रास्ता मिलेगा। राज्य हैंडबॉल संघ के मुताबिक इस लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी अक्तूबर महीने में लखनऊ में होगी। लीग में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। इन टीमों में मुख्यत: उत्तर प्रदेश के ही खिलाड़ी खेलते हुए नजर आएंगे। हर टीम में कुल 18-18 खिलाड़ी होंगे, जिसमें 15 खिलाड़ी उत्तर प्रदेश के ही होंगे। लीग में कुल 39 मैच खेले जाएंगे। संघ का मानना है कि इस लीग से खिलाड़ियों को एक नया मंच मिलेगा, जिससे न केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचान मिलेगी। बल्कि, उन्हें आर्थिक लाभ भी होगा। नीलामी में कुल 120 खिलाड़ी शामिल किए जाएंगे। हर खिलाड़ी का बेस प्राइज 20 हजार रुपये होगा।
हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डॉ. आनंदेश्वर पांडेय और यूपी हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी सचिव अमित पांडेय की ओर से किए गए इस लीग की घोषणा को लेकर शहर में खासतौर पर राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों में काफी उत्साह है। सोनकपुर स्टेडियम में हैंडबॉल में मौजूदा समय में 35 खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनमें से करीब 12 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर तक के मुकाबले खेले हैं। इन खिलाड़ियों ने एसोसिएशन के इस कदम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह सिर्फ खेल आयोजन नहीं, बल्कि खेल संस्कृति को नया जीवन देने वाली शुरुआत है। ब्यूरो