मुरादाबाद। शहर की बिजली व्यवस्था शुक्रवार को फिर फेल साबित हुई। अलग-अलग जगहों पर आए तकनीकी फाल्ट के कारण रामगंगा विहार, लाजपत नगर, नया मुराादाबाद, बुद्धि विहार, हरथला, दिल्ली रोड और मानसरोवर कॉलोनी समेत कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। उमस भरी गर्मी में लोग पसीने से तरबतर रहे, जबकि बार-बार बिजली आने-जाने से घरेलू उपकरणों और कारोबार पर भी असर पड़ा।
डीडी पंचायत के कार्यालय में हाई वोल्टेेज के कारण विद्युत उपकरण फुंक गए। सुबह से शुरू हुआ बिजली संकट दिनभर अलग-अलग इलाकों में घूमता रहा। एक क्षेत्र में फाल्ट ठीक होता, तब तक दूसरे इलाके से सप्लाई ठप होने की शिकायत पहुंच जाती है। बिजली कर्मी लगातार मरम्मत में जुटे रहे, लेकिन उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल सकी। हाल के महीनों में भी शहर में स्थानीय फाल्ट के कारण बार-बार घंटों बिजली बाधित होने की घटनाएं सामने आती रही हैं।
शुक्रवार को रामगंगा विहार और नया मुरादाबाद में घरों की पानी की मोटरें बंद रहीं। बुद्धि विहार और नया मुरादाबाद में इनवर्टर भी जवाब दे गए। हरथला और दिल्ली रोड पर छोटे कारोबार प्रभावित हुए। कई दुकानों में ऑनलाइन भुगतान तक बाधित रहा, जबकि लोगों को मोबाइल चार्ज करने तक के लिए इंतजार करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में बिजली संकट अब रोज की परेशानी बन चुका है। मामूली तकनीकी खराबी पूरी व्यवस्था को ठप कर देती है। हर बार फाल्ट का हवाला देकर सप्लाई रोक दी जाती है, लेकिन जर्जर नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में कोई ठोस सुधार दिखाई नहीं देता। अधीक्षण अभियंता प्रशांत कुमार का कहना है कि ओवरलोडिंग के कारण कुछ स्थानों पर फाल्ट हुए, जिनकी समय पर मरम्मत कर दी गई।