-मुरादाबाद डिपो की एसी बस के चालक-परिचालक पर आरोप, आरएम ने जांच और कार्रवाई का दिया आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। नोएडा सेक्टर-62 में निर्धारित साइड रोड के बजाय मुख्य सड़क पर यात्री को उतारने का प्रयास करने और चालक-परिचालक के व्यवहार से परेशान एक यात्री ने क्षेत्रीय प्रबंधक से शिकायत की है। शिकायत में चालक-परिचालक के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही निर्धारित साइड रोड पर ही यात्रियों को उतारने के निर्देश जारी करने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता तुंगीश यादव ने बताया कि उन्होंने 16 जुलाई की सुबह अपनी बेटी के साथ मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के सामने से दिल्ली जा रही मुरादाबाद डिपो की वातानुकूलित बस में सेक्टर-62 नोएडा तक का टिकट लिया था। उनका आरोप है कि सेक्टर-62 की साइड रोड पर उतारने का अनुरोध करने के बावजूद चालक और परिचालक ने बस वहां नहीं रोकी और मुख्य सड़क पर उतरने के लिए कहा। मुख्य सड़क पर भारी यातायात होने के कारण वहां उतरना जान जोखिम में डालने जैसा था। इसी वजह से उन्होंने हाईवे पर उतरने से इन्कार कर दिया। आरोप है कि चालक और परिचालक के व्यवहार के कारण उन्हें और उनकी बेटी को गंतव्य तक पहुंचने में असुविधा हुई। इसके बाद उन्होंने क्षेत्रीय प्रबंधक को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने और संबंधित चालक-परिचालक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की। इस पर आरएम ने जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।