मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गणेशपुर स्थित सेंटर की सीएचओ ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी पर अभद्रता व इंसेंटिव फार्म पर हस्ताक्षर करने के नाम पर पांच हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है, जबकि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने भी सीएचओ के पति पर अभद्रता और झूठे केस में फंसाने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों की तहरीर की जांच कर रही है।
मझोला के कांशीराम नगर निवासी मंजू गौतम ने मूंढापांडे थाने में तहरीर दी है। जिसमें मंजू गौतम ने बताया कि वह 27 अगस्त 2021 से मूंढापांडे क्षेत्र स्थित गणेशपुर सेंटर पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर कार्यरत है। मंजू का कहना है कि वर्तमान में उनकी ड्यूटी वैक्सीनेशन में चल रही है। गुरुवार को वह वैक्सीनेशन ड्यूटी से संबंधित अपने इंसेंटिव तैयार कर भुगतान के लिए संबंधित अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मूंढापांडे के प्रभारी डॉक्टर नरेंद्र चौधरी के पहुंची थीं। आरोप है कि उन्होंने इंसेंटिव पेपर हस्ताक्षर करने से साफ मना कर दिया। आरोप है कि हस्ताक्षर करने के बदले पांच हजार रुपये की मांग की। रुपये देने से इंकार किया तो वह भड़क गए और गाली गलौच करने ले। तेज आवाज में जाति सूचक शब्द देकर सभी के सामने अपमानित किया।
उधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मूंढापांडे के प्रभारी डा. नरेश चौधरी का कहना है कि गुरुवार शाम सीएचसी पर कैंप चल रहा था। इसी दौरान मंजू गौतम के पति आए और उन्होंने कुछ कागजों पर हस्ताक्षर कराने को कहा। मैंने कहा था कि संबंधित स्टाफ को कागज जमा करा देंगे। खाली कर हस्ताक्षर कर दूंगा। इसी बात पर सीएचओ के पति भड़क गए और उन्होंने अभद्रता शुरू कर दी। आरोप है कि झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। मूंढापांडे थाना प्रभारी संजय पांचाल ने बताया कि दोनों पक्षों ने तहरीर दी हैं। प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।