मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद जिले को 1176 करोड़ की 110 परियोजनाओं की सौगात दी। इसके साथ ही सीएम ने बिलारी के पीपली गांव में अटल आवासीय विद्यालय समेत 74 परियोजनाओं का लोकार्पण और 36 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। रात्रि विश्राम के बाद बृहस्पतिवार सुबह वह संभल के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली से बुधवार दोपहर बाद बिलारी तहसील के गांव पीपली पहुंचे। यहां अटल आवासीय विद्यालय सहित कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके बाद उन्होंने बच्चों से संवाद भी किया।
योगी 3.10 बजे हेलिकाप्टर से मुरादाबाद सर्किट हाउस पहुंचेगे। इसके बाद हनुमान वाटिका, वॉर म्यूजियम और संविधान पार्क का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद शाम 4:30 बजे कांठ रोड स्थित 24वीं वाहिनी पीएसी मैदान में सभा को भी संबोधित करेंगे। शाम को सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जिले के कार्यों की समीक्षा करेंगे।
कल संभल में सवा दो घंटे रहेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को करीब सवा दो घंटे संभल जिले में रहेंगे। वह मुरादाबाद सर्किट हाउस से सुबह 9:55 बजे बहजोई पुलिस लाइन पहुंचेंगे। सीएम पुलिस लाइन का जायजा लेंगे। यहां वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे।