मुरादाबाद। बुद्धि विहार में स्कूटी सवार बदमाशों ने अर्चना पटेल नाम की महिला से सोने की चेन लूट ली। घटना के समय वह स्कूल से अपने बच्चों को लेकर घर लौट रही थी। पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, आवास विकास कालोनी फेस-2 निवासी अर्चना पटेल के पति इंद्रजीत पटेल बीएसएनएल में कार्यरत हैं। उनके बच्चे बुद्धि विहार स्थित सेंटमेरी स्कूल में पढ़ते हैं। सोमवार दोपहर करीब दो बजे छुट्टी के बाद अर्चना स्कूल से बच्चे को लेकर पैदल ही घर लौट रही थी। आवास विकास कालोनी में पार्क के पास पहुंची थी। इसी दौरान स्कूटी सवार दो बदमाश आ गए। स्कूटी महिला के पास आकर धीमी हुई। महिला कुछ समझ पाती। उससे पहले ही स्कूटी पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने की चेन तोड़ दी। महिला के शोर मचाने पर बदमाश स्कूटी तेजी से दौड़ाकर भाग निकले। शोर शराबा होने पर आस पड़ोस के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की। लेकिन सफलता नहीं मिल पाई।
मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है।