मुरादाबाद। तमिलनाडु के हेलीकॉप्टर हादसे में देश के पहले सीडीएस बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका की मौत से शहरवासी भी मायूस हो गए। पूर्व एनसीसी कैडेट कशिश चौहान ने उनके साथ बिताए पलों को याद किया। उधर, व्यापारियों ने मोमबत्ती जलाकर सीडीएस बिपिन रावत सहित सभी मृतकों की आत्मा की शांति की प्रार्थना की। व्यापारियों ने कहा कि देशवासियों ने अपने एक महान योद्धा को खो दिया है।
पूर्व एनसीसी कैडेट कशिश चौहान ने वर्ष 2019 में 26 जनवरी को दिल्ली में राजपथ परेड और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में हिस्सा लिया था। कशिश ने बताया कि एनसीसी कैडेट्स से मिलने के लिए सीडीएस जनरल बिपिन रावत भी आए थे। करीब डेढ़ घंटे का वक्त हमने साथ व्यतीत किया था।
बिपिन रावत ने व्यक्तिगत तौर पर सभी कैडेट्स से उनका परिचय प्राप्त किया था। उन्होंने मुझसे यहां पर किए गए प्रतिभाग, मेरे लक्ष्य और मेरे शहर के बारे में जानकारी ली थी। हम सभी से कहा था कि देश को एनसीसी कैडेट्स और युवाओं की बहुत जरूरत है। अपनी पसंद के अनुसार थल सेना, वायु सेना या जल सेना में युवा अपना करियर बनाएं और देशसेवा में योगदान दें। अब उनकी यह पंक्तियां और प्रोत्साहन हमें आगे बढ़ने में मदद करेगा।
व्यापारियों ने मोमबत्ती जलाकर सीडीएस बिपिन रावत सहित सभी मृतकों की आत्मा की शांति की प्रार्थना की। व्यापारियों ने कहा कि देशवासियों ने अपने एक महान योद्धा को खो दिया है। यह देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है। इस दौरान विपिन गुप्ता, संजय अग्रवाल, अमरीश रस्तोगी, अंकित रस्तोगी, अपूर्व अग्रवाल, शिवम अग्रवाल, रविंद्र गौतम आदि मौजूद रहे। इसके अलावा वरिष्ठ रंगकर्मी डॉ. प्रदीप शर्मा ने कहा कि विपिन रावत ने देश के लिए अतुलनीय योगदान दिया है।
हम सभी उनके हमेशा ऋणी रहेंगे। उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक मुरादाबाद के मंत्री मोहम्मद इकमान अली ने कहा कि सीडीएस जनरल बिपिन राव बहादुर सैनिकों में से एक थे। उनके अनुकरणीय योगदान और प्रतिबद्धता को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है।