मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र में हाईवे पर बस पलटने के मामले में पुलिस ने बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घायल यात्री की तहरीर पर केस दर्ज किया है। उधर, जिला अस्पताल में भर्ती घायल यात्री इलाज कराने के बाद चले गए हैं।
मंगलवार देर रात को सीतापुर के बिसवा कस्बा से डबल डेकर बस पानीपत (हरियाणा) जा रही थी। बस में 130 यात्री सवार थे, जो पानीपत मजदूरी करने जा रहे थे। मूंढापांडे थाना क्षेत्र स्थित सिहारा बाजे गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर बस पहले डिवाइडर से टकराई। इसके बाद दूसरी साइड में जाकर खाई में पलट गई थी। इस हादसे में बीस यात्री घायल हो गए थे, जिन्हें रामपुर और मुरादाबाद के जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। एसपी सिटी अमित आनंद ने बताया कि यात्री सीतापुर के कचनार निवासी शादाब की तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।