मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार स्थित रेस्टोरेंट के बाहर नशे में युवकों ने मंगलवार की रात पार्किंग में खड़ी बाइकों पर कार चढ़ा दी। बाइकें और कार क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान कार की चपेट में आकर एक निजी कंपनी का कर्मचारी हिमांशु भारद्वाज भी घायल हो गया। इस मामले में पुलिस ने कार सवार दोनों युवक को हिरासत में ले लिया है।
मंगलवार रात रेस्टोरेंट के फूड होम डिलीवरी करने वाली कंपनी के कर्मचारियों की बाइकें खड़ी थीं। एक कर्मचारी बाइक पर बैठा हुआ था। बताया जा रहा है कि रात करीब दस बजे नशे में युवकों ने बाइकों पर कार चढ़ा दी। इसके बाद रेस्टारेंट में मौजूद ग्राहक और कर्मचारी बाहर निकल आए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस दोनों को चौकी ले गई। दोनों युवक भी रामगंगा विहार निवासी हैं। सीओ इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।