मुरादाबाद। क्रिसमस को लेकर बाजार में उत्साह देखने को मिल रहा है। त्योहार की तैयारी के लिए लोग बाजार में जमकर खरीदारी कर रहे हैं। मगर, क्रिसमस की खुशी केक के बिना अधूरी है। क्रिसमस पर केक की मांग 25 दिसंबर से एक सप्ताह बाद नए वर्ष तक रहती है। ऐसे में शहर के बेकरी संचालकों के पास ईसाई समाज के लोग समय पर और मनपसंद केक की डिलीवरी के लिए बुकिंग करवा रहे हैं।
मुरादाबाद में ही नहीं बल्कि दूसरे जनपदों और प्रदेशों में केक के लिए मशहूर अच्छन मियां ने बताया कि वह तीसरी पीढ़ी के सदस्य हैं, जो केक बनाते हैं। पूरे वर्ष वह पीतल की मजदूरी का कार्य करते हैं, लेकिन क्रिसमस के त्योहार पर 15 दिनों तक उन्हें केक बनाने से फुर्सत नहीं मिलती है। उनके दादा ने केक बनाने का कार्य शुरू किया था, जो कि अब वह स्वयं करने के साथ अपने बच्चों को भी सिखा दिया है। अभी अच्छन मियां के साथ दो बेटे और एक भतीजा केक बनाने का कार्य कर रहे हैं। अच्छन मियां ने बताया कि मुरादाबाद के अलावा रामपुर, काशीपुर, दिल्ली, गजरौला और बरेली से केक की बुकिंग आ गई है। उनके यहां पर एक सप्ताह की वेटिंग चल रही है। प्रतिदिन 40 से 50 केक बनाते हैं। इसमें केक बनाने का सामान स्वयं ग्राहक लेकर आते हैं।
वहीं, बेकरी संचालक हाजी जफरुद्दीन ने बताया कि प्रतिदिन डेढ़ सौ केक बनाए जा रहे हैं। अब उन्हें नए साल तक फुर्सत नहीं है। सुबह नौ बजे से देर रात तक केक बनाने का कार्य किया जा रहा है। केक में सूखे मेवा के अलावा शुगर फ्री केक की मांग ज्यादा है। हालांकि वनीला फ्लेवर भी खूब पसंद किया जाता है।
चर्चों में रंग-बिरंगी लाइटों की रौनक
मुरादाबाद। मैथोडिस्ट चर्च के अलावा सेंट एंथनी चर्च में आकर्षक सजावट की जा रही है। चर्च और परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। सुबह-शाम चर्चों में प्रार्थनाओं और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा बाजार गंज, जीएमडी रोड और ताड़ीखाना तिराहा पर क्रिसमस ट्री, रीत बेल के अलावा प्रभु यीशु के जन्म से संबंधित पोस्टर और बैनर ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। सुबह से लेकर रात तक ग्राहकों की रौनक से बाजार गुलजार है।