मुरादाबाद। बाइक सवार को टक्कर मारकर कार समेत भाग रहे एक कारोबारी को पुलिस ने पकड़ने का प्रयास किया तो नशे में धुत कार सवार कारोबारी ने पुलिस की पीआरवी को टक्कर मार दी। पुलिसकर्मियोें ने किसी तरह कारोबारी को कब्जे में लेकर उसे सिविल लाइंस पुलिस के सुपुर्द किया है। पुलिस ने कारोबारी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, अभद्रता करने व नशे में वाहन चलाने आदि का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार की देर रात को संदेश पास हुआ कि एक होंडा सिटी कार चालक ने एक बाइक को टक्कर मार दी है। इस पर पुलिस सतर्क हो गई। गलशहीद क्षेत्र से पुलिस ने कार का पीछा करना शुरू किया। सिविल लाइंस क्षेत्र में कार के पहुंचने पर सूचना मिलने पर पीआरवी ने कार का पीछा करना शुरू कर दिया। पीलीकोठी के पास पुलिस कर्मियों ने जब कार को ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की तो कार चालक ने साइड मार दी। पुलिस के मुताबिक इस दौरान पीआरवी अनियंत्रित होकर पलटते हुए बच गई। आरोप है कि किसी तरह पुलिस ने कार को रुकवाकर चालक को नीचे उतारने को कहा तो वह पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने लगा व मारपीट पर उतारू हो गया। बाद में सिपाही हेमंत कुमार की तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस ने शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के ताड़ी खाना निवासी कारोबारी शलभ अग्रवाल के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसएचओ नवल मारवाह ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर आरोपी का चालान कर दिया गया है।