मुरादाबाद। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में कारोबारी नितिन गुप्ता ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वह लंबे समय से तनाव में चल रहे थे। सोमवार देर रात उन्होंने बेडरूम से सटे ड्रेसिंग रूम का दरवाजा अंदर से बंद कर खुद को गोली मार ली। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन दौड़े तो दरवाजा अंदर से बंद था। पीछे से खिड़की का शीशा तोड़कर बेटा किसी तरह अंदर घुसा और दरवाजा खोलकर देखा तो उसके होश उड़ गए। कारोबारी का शव फर्श पर पड़ा था, जबकि पास में ही उनकी बंदूक पड़ी थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया है।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के रामगंगा विहार स्थित शुभम ग्रीन विला-2 में कारोबारी नितिन गुप्ता (55) का आवास है। नितिन गुप्ता की कोतवाली क्षेत्र में अमरोहा गेट गुलाल गली में गुप्ता इंडस्ट्रीज नाम से फैक्टरी है। जिसमें शील्ड व ट्राफी बनाने का काम किया जाता है। इसके अलावा कांठ रोड पर भी एक फैक्टरी है। सोमवार रात आवास में नितिन, उनका बेटा रजत, बेटी और पत्नी वंदना मौजूद थीं। बेटे रजत गुप्ता ने पुलिस को बताया कि खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चले गए थे। मां वंदना व बहन अर्शी भी कमरे में सोने चली गईं थीं। रात करीब सवा बारह बजे पिता नितिन गुप्ता के कमरे से फायरिंग की आवाज आई तो परिजन जाग गए।
आनन-फानन सभी उनके कमरे की ओर भागे तो ड्रेसिंग रूम का दरवाजा अंदर से बंद था। रजत ने पुलिस को बताया कि वह स्टोर रूम की पिछली खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर घुस गया। इसके बाद दरवाजा खोलकर देखा तो फर्श पर पिता का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। जबकि पास में ही उनकी लाइसेंसी बंदूक पड़ी थी। इसके बाद परिवार में चीख पुकार मच गई। सूचना मिलने पर नितिन के भाई पप्पन गुप्ता व राहुल गुप्ता व कालोनी के अन्य लोग भी आ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंच गई और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच पड़ताल कराई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि करीब तीन साल से कारोबारी मानसिक तनाव में चल रहे थे। वह तनाव दूर करने के लिए दवाइयां भी लेते थे। सहायक पुलिस अधीक्षक नगर अनिल यादव ने बताया कि परिवार के लोगों से पूछताछ की गई तो उन्होंने आत्महत्या की वजह डिप्रेशन बताई है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया है।