मुरादाबाद। उत्तराखंड के गर्जिया देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। काशीपुर- मुरादाबाद हाईवे पर चमरपुरा और फौलादपुर के बीच हुए हादसे में चार बच्चों समेत दस श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि 52 महिला-पुरुष चोटिल हो गए। पुलिस ने घायलों को बस से निकालकर सरकारी और निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के मुताबिक, नागफनी थानाक्षेत्र के दौलतबाग से शनिवार सुबह 60 महिला, पुरुष और बच्चे उत्तराखंड के रामनगर स्थित गर्जिया देवी मंदिर दर्शन गए थे। दर्शन कर और प्रसाद चढ़ाने के बाद सभी यात्री घर वापस लौट रहे थे। शनिवार रात बस ठाकुरद्वारा थानाक्षेत्र में काशीपुर- मुरादाबाद हाईवे पर चमरपुरा और फौलादपुर के बीच से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क में गहरा गड्ढा होने के कारण चालक नियंत्रण नहीं रख सका और बस पलट गई। हादसे में बस सवार श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। यूपी 112 की गाड़ी और 108 एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद घायलों को बस से निकालकर ठाकुरद्वारा के सरकारी अस्पताल में भिजवा दिया, जहां से हालत गंभीर होने पर दस लोगों को काशीपुर के लिए रेफर कर दिया गया, जबकि दो को जिला अस्पताल मुरादाबाद में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विद्या सागर मिश्र ने बताया कि ठाकुरद्वारा क्षेत्र में बस पलट गई थी। घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
हादसे में घायल होने वाले यात्री
मुरादाबाद। नागफनी के दौलतबाग निवासी स्नेहा, नीरू, ध्रुव, गौरव, विनीता पत्नी संजीव , रोबिन पुत्र रविंद्र, हैप्पी पुत्र अनिल कुमार, वीर कुमार पुत्र संजय कुमार, नीरज, मनीषा, कोमल पुत्री महेश, राजेश पुत्र श्याम सुंदर, सोनम, ज्ञान, तानिया, तनुजा, डोली रिया, कल्पी पम्मी, संजय, शिवओम, सृष्टि, छत्रपाल, रियांश, रविंद्र, दिल्ली निवासी निशा समेत अन्य यात्री भी घायल हुए हैं।
-----------