मुरादाबाद। शहर में शनिवार को दो सड़क हादसों में सर्राफ सहित दो लोगों की मौत हो गई जबकि पूर्व पार्षद गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना पीएसी तिराहे के पास हुई, जहां अनियंत्रित रोडवेज बस ने स्कूटर में टक्कर मार दी, हादसे में सर्राफ प्रदीप मेहरोत्रा की मौत हो गई जबकि उनके बहनोई पूर्व पार्षद गोपाल खन्ना गंभीर रूप से घायल हुए। दूसरी हादसा कटघर के बलदेव पुरी में दोपहर बाद हुआ। यहां अनियंत्रित ट्रैैक्टर की चपेट में आने से स्कूटी सवार मजदूर कृपाल की मौत हो गई। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रोडवेज बस बनी काल
सिविल लाइंस के रामगंगा विहार एक्सटेंशन निवासी प्रदीप मल्होत्रा(62) की कोतवाली क्षेत्र में मंडी चौक पर सोने चांदी के जेवरों की दुकान है। शनिवार सुबह करीब दस बजे प्रदीप अपने बहनोई पूर्व पार्षद गोपाल खन्ना(63) के साथ स्कूटी से मंडी चौक स्थित दुकान पर जा रहे थे। गोपाल खन्ना की भी मंडी चौक में आभूषण की दुकान है। सिविल लाइंस क्षेत्र में कांठ रोड पर पीएसी तिराहे के पास इनकी स्कूटी को मुजफ्फरनगर डिपो की रोडवेज बस ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में साले बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने चालक, परिचालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हालत गंभीर होने पर दोनों को रेफर कर दिया गया। कांठ रोड स्थित निजी अस्पताल में प्रदीप मल्होत्रा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि गोपाल खन्ना को भर्ती कर उनका उपचार शुरू कर दिया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद प्रदीप मल्होत्रा के शव को परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया।
-----------
विधायक ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायल व्यापारी का हालचाल
मुरादाबाद। कांठ रोड पर हादसे में पूर्व पार्षद गोपाल खन्ना घायल हो गए, जबकि उनके साले की मौत हो गई। गोपाल गुप्ता भी आभूषण व्यापारी हैं। हादसे की जानकारी मिलने पर भाजपा विधायक रितेश गुप्ता भी विवेकानंद अस्पताल पहुंच गए और उन्होंने गोपाल खन्ना का हालचाल लिया। इसके बाद उन्होंने परिजनों से बात की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
------
प्रेशर पाइप पटने से बेकाबू हुई बस
मुरादाबाद। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मुजफ्फरनगर डिपो की रोडवेज बस के चालक अरविंद और परिचालक सोनू को हिरासत में ले लिया। चालक ने पुलिस को बताया कि वह बिजनौर से सवारियां लेकर मुरादाबाद आ रहा था। अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया था। जिससे बस बेकाबू हो गई।
मजदूर की मौत बनकर पीछे से आया ट्रैक्टर
कटघर थानाक्षेत्र के देवापुर गांव निवासी मजदूर कृपाल (22) मजदूरी करता था। वह शनिवार सुबह अपने साथी अरुण के साथ सामान खरीदने के लिए मुरादाबाद गया था। दोपहर करीब डेढ़ बजे दोनों दोस्त स्कूटी से घर लौट रहे थे। कटघर थानाक्षेत्र के बलदेवपुरी में पीछे से आए तेज रफ्तार बेकाबू ट्रैक्टर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में कृपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भिजवा दिया। सूचना मिलने पर कृपाल और अरुण के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम कराने के बाद युवक का शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
होली पर हुई थी बड़े भाई की हादसे में मौत
मुरादाबाद। कृपाल के भाई सुनील ने बताया कि होली वाले दिन बड़ा भाई सुभाष बाइक से कहीं जा रहा था। किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी थी। जिसमें सुुभाष की मौत हो गई थी। सुनील के कहना है कि हम पांच भाई थी। दो भाइयों की हादसों में मौत हो चुकी है। अब सुनील के अलावा दो छोटे भाई राजीव और राजू बचे हैं।