ठाकुरद्वारा स्थित एबीएम अस्पताल।
- फोटो : संवाद
ठाकुरद्वारा के एबीएम अस्पताल में नर्स से दुष्कर्म के आरोपी शाहनवाज के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाए गए घर और मदरसों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है।
लेखपाल शैलेंद्र यादव ने शाहनवाज समेत परिवार के सात लोगों के खिलाफ तहसीलदार कोर्ट में धारा 67 के अंतर्गत बेदखली का मुकदमा दर्ज कराया है। शाहनवाज पर इससे पहले भी दो मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं।
चार दिन पहले एसडीएम और सीओ की मौजूदगी में राजस्व विभाग की टीम ने गांव राजपुर केसरिया और जटपुरा में दुष्कर्म के आरोपी और उसके परिवार के मदरसे और आवास की जांच की थी। तहसीलदार भूपाल सिंह ने बताया की जटपुरा में बना मदरसा पर ग्राम समाज की भूमि पर नहीं पाया गया है।
राजपुर केसरिया में आवास और मदरसे ग्राम समाज की भूमि में मिले हैं। उन्होंने बताया कि हलका लेखपाल शैलेंद्र यादव ने धारा 67 के अंतर्गत बेदखली का मुकदमा दर्ज कराया है। अवकाश होने के कारण अभी नोटिस जारी नहीं हो सके हैं। जल्द ही आरोपियों को नोटिस जारी किए जाएंगे।
इसके बाद कार्रवाई होगी।एसडीएम मनी अरोड़ा ने बताया कि क्षेत्र में चल रहे अवैध निजी अस्पतालों, क्लीनिकों और नर्सिंग होम की भी सूची तैयार की जा रही है। सीओ राजेश कुमार का कहना है कि शाहनवाज सहित तीन लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमे की विवेचना लगभग पूरी हो चुकी है। जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
नर्स के पिता को धमकाने वालों की तलाश में जुटी पुलिस
दुष्कर्म पीड़ित नर्स के पिता को धमकाने वालों की तलाश में पुलिस जुट गई है। जल्द ही पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। इसके अलावा पुलिस ने केस की जांच पूरी कर ली है और जल्द ही चार्जशीट दाखिल करेगी। ठाकुरद्वारा स्थित अस्पताल में नर्स के साथ 17 अगस्त की रात आरोपी अस्पताल संचालक शाहनवाज ने दुष्कर्म किया था।
पीड़िता के पिता ने इस मामले में आरोपी शाहनवाज, उसकी सहयोगी नर्स मेहनाज, वार्ड बॉय जुनैद के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पिता ने आरोप लगाया कि कुछ लोग थाने आए थे और समझौते के लिए लालच दिया था। इसके अलावा बुधवार शाम भी आरोपी पीड़िता के घर पहुंचे और उन्होंने पीड़िता के पिता से समझौते के लिए बात की थी।
पिता ने पुलिस को बुलाया तो आरोपी मौके से भाग गए थे। एसपी देहात संदीप कुमार मीना ने बताया कि तीनों आरोपी जेल में बंद हैं। इस मामले में विवेचना पूरी हो चुकी है। अब आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जाएगी। इसके बाद गैंगस्टर एक्ट में भी केस दर्ज किया जाएगा। पीड़िता को धमकाने और समझौते के लिए दबाव बनाने वालों की भी तलाश की जा रही है।