फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: जंगल छोड़ शहर की ओर बढ़ रहे गुलदार, दहशत में लोग

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। जंगल से निकलकर गुलदारों का आतंक अब शहर तक पहुंच चुका है। बीते 10 दिन में कांठ और डिलारी क्षेत्र में दो गुलदार पकड़े जा चुके हैं। वहीं चार दिन पहले बिजनौर के जलालपुर भूड़ गांव में 45 वर्षीय किसान को गुलदार ने मार डाला था। वन विभाग का कहना है कि बिजनौर और मुरादाबाद क्षेत्र में 500 से ज्यादा गुलदार खेतों में घूम रहे हैं। एक सप्ताह पहले नया मुरादाबाद से सटे खदाना गांव में गुलदार के पंजों के निशान देखे गए थे। इसके कारण ग्रामीणों के साथ शहरवासी भी भयभीत होने लगे हैं।
विज्ञापन

मुरादाबाद मंडल के बिजनौर जिले में अमानगढ़ से लेकर नजीबाबाद तक घना जंगल है। इसके अलावा मुरादाबाद की ठाकुरद्वारा तहसील उत्तराखंड सीमा से सटी है। उत्तराखंड में रामनगर, काशीपुर और जसपुर क्षेत्र में घने जंगल हैं। अमानगढ़, नजीबाबाद से मुरादाबाद का कांठ क्षेत्र नजदीक है।
अमानगढ़ में जहां बाघ से लेकर गुलदार तक की मौजूदगी है, वहीं नजीबाबाद डिवीजन की अधिकांश रेंज में हाथी और गुलदार हैं। गन्ने के खेतों में 500 से ज्यादा गुलदार होने का अनुमान है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि एक साल में बिजनौर में 46 गुलदार और उनके शावक पकड़े जा चुके हैं। बिजनौर और उत्तराखंड के जंगल से निकले गुलदार मुरादाबाद तक पहुंच रहे हैं।
विज्ञापन

14 अगस्त को कांठ तहसील के गांव मल्हपुर में एक गुलदार पकड़ा गया था। इसके एक सप्ताह बाद ही 22 अगस्त को दूसरा गुलदार डिलारी के बवनिया गांव में वन विभाग की टीम ने पिंजरे में कैद किया। चौंकाने वाली बात यह है कि गुलदार इन गांवों के जरिये शहर तक दस्तक देने लगे हैं। शहर से सटे मझोला और पाकबड़ा क्षेत्र के गुरैठा, मौढ़ा तैय्या, खदाना के जंगल में भी लोग गुलदार देख चुके हैं। गुलदार की मौजूदगी की आशंका में वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है।
-
इन गांवों में गुलदार की ज्यादा दहशत
जनपद के डिलारी क्षेत्र के सुल्तानपुर खद्दर, मलकपुर, हाजी नगला, सीतापुर, सरकड़ा विश्नोई, बवनिया में गुलदार की ज्यादा दहशत है। इन गांवों के लोग गुलदार के खौफ में जागकर रातें गुजार रहे हैं। इन गांवों मं गुलदार किसानों पर हमला कर चुका है।

गन्ने के खेतों का राजा बना गुलदार : जोएल लॉयल
जिम कार्बेट के रिसर्च स्कॉलर एवं वरिष्ठ वन्य जीव विशेषज्ञ जोएल लॉयल कहते हैं कि गुलदार ने गन्ने के खेतों में रहना सीख लिया है। अब इन्हें यहां से हटाना बहुत मुश्किल काम है। जिस तरह से इनकी मौजूदगी सामने आ रही है। लोगों को भी इनसे बचना सीखना होगा।


गन्ने के खेतों में बड़ी संख्या में गुलदार हैं। जिन्हें पकड़ने और गिनती करने के लिए वन्य जीव संस्थान ने दो वैज्ञानिकों को लगाया है। ड्रोन की मदद से चार माह तक वैज्ञानिक इनकी गिनती करेंगे, जहां भी गुलदार के पंजों के निशान मिले हैं या किसानों ने उन्हें देखा है। वहां पिंजरे लगाकर गुलदारों को पकड़कर अमानगढ़ के जंगल में छोड़ा जाएगा।
- रमेश चंद्र, क्षेत्रीय वन संरक्षक अधिकारी


नरभक्षी घोषित होगा गुलदार, वन अफसरों ने लिखा पत्र
बिजनौर। जलालपुर भूड़ में किसान को मारने वाला गुलदार उसे खा गया। करीब डेढ़ माह में चार से पांच किमी के दायरे में हुई तीन मौत और तीन लोगों के घायल होने से गुलदार के नरभक्षी होने की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में डीएफओ अरुण कुमार सिंह ने गुलदार को नरभक्षी घोषित करने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा है। संवाद
-
एक साल पहले ट्रक की टक्कर से हुई थी तेंदुए की मौत
मुरादाबाद। पिछले साल सितंबर माह में दो तेंदुए मझोला थना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव तक आ गए थे। गांगन क्षेत्र में ग्रामीणों के शोर मचाने और आग जलाने के कारण तेंदुए भागने लगे। भागते समय पाकबड़ा गिंदौड़ा मार्ग पर एक तेंदुए को ट्रक ने रौंद दिया था, जिसमें तेंदुए की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस मामले में वन विभाग की टीम तेंदुओं के पंजों के निशानों का पीछा करते हुए गन्ने के खेतों तक पहुंची थी। वन विभाग का मानना था कि तेंदुए मौढ़ा तैय्या क्षेत्र से कांठ होते हुए ठाकुरद्वारा क्षेत्र में चले गए। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें