होटल में रात बिताने वाले पैसे वालों की मांग पर देह व्यापार के लिए नाबालिग किशोरियों को भेजने वाले दंपती सहित तीन लोगों को मझोला पुलिस ने पकड़ा है। आरोपियों के पास से मोबाइल बरामद हुए हैं जिनमें तमाम नाबालिग किशोरियों के साथ ही उनकी मांग करने वाले ग्राहकों के नंबर होने का दावा पुलिस ने किया है। पूरा खेल पुलिस को रविवार रात सड़क पर बदहवास घूमती मिली एक नाबालिग किशोरी से पूछताछ के बाद खुला। तीनों आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक रविवार देर रात सड़क पर एक नाबालिग किशोरी बदहवास स्थिति में घूमती हुई मिली। पुलिस ने उसे चाइल्ड लाइन को सौंप दिया। वहां चाइल्ड लाइन वालों ने उससे उसकी हालत के बारे में पूछा तो उसने आपबीती सुनाई। किशोरी ने बताया कि वह दिल्ली की रहने वाली है। कोठीवाल नगर निवासी विजय छाबड़ा और उसकी पत्नी मोना उसे काम दिलाने और 12 हजार रुपये मासिक देने की बात कहकर लाए थे। यहां आकर उसे और उस जैसी दूसरी लड़कियों को होटलों में देह व्यापार के लिए भेजा जाता था।
किशोरी से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने दंपती को पकड़ने के लिए योजना बनाई। बुधवार को सीओ हाईवे गणेश कुमार गुप्ता और प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हड्डी मिल के पास से पति-पत्नी समेत एक ड्राइवर आबिद को एक कार में पकड़ा। पुलिस के मुताबिक ड्राइवर राशिद ने बताया कि वह ही कार से लड़कियों को होटल में छोड़ने और लेने जाता था। आरोपी पति-पत्नी ने पूछताछ में कुबूल किया है कि वह दिल्ली ने इन किशोरियों को रुपयों का लालच देकर लाते थे। उन्हें 12 हजार रुपये प्रति माह देने की बात तय हुई थी। सभी मंडी समिति के पीछे एकता विहार स्थित एक मकान में रखा जाता था। ग्राहक का फोन आने पर इन किशोरियों को स्टेशन रोड स्थित कुछ होटलों और दूसरी जगहों पर भेजा जाता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी पति-पत्नी इस समय बुद्धि विहार में रहने और एक गिफ्ट शॉप चलाते हैं। अब तक की जांच में सामने आया है कि विजय के साथ हमसाज मोना उसकी दूसरी पत्नी है।
ऑन डिमांड सेक्स रैकेट चलाने वाले पति-पत्नी और उनके ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ अनैतिक व्यापार अधिनियम और पॉक्सो अधिनियम की धाराओं सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। अब तक किन किशोरियों को वह इस धंधे में झोंक चुके हैं उसका पता लगाया जा रहा है। किन स्थानों पर भेजा जाता था, कौन-कौन लोग उनसे जुड़े इसकी जांच की जा रही है। नाबालिग किशोरी को चाइल्ड लाइन की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
- अमित आनंद, पुलिस अधीक्षक नगर, मुरादाबाद