मुरादाबाद। शनिवार देर रात हुई बारिश लोगों के लिए आफत बन गई। पीतलनगरी में बारिश से नाला टूट गया। इससे बीस से अधिक घरों में पानी घुस गया। घरों में दो से तीन फीट पानी भर गया। वहीं शहर के कई मोहल्ले भी दोपहर तक जलभराव से जूझते रहे। जलनिकासी होने पर दोपहर बाद लोगों को राहत मिली।
शनिवार देर रात हवा के साथ मूसलाधार बारिश हुई। करीब दो घंटे हुई बारिश से शहर की सड़कें जलमग्ल हो गई। वहीं पीतलनगरी नाला टूट गया। इससे पीतलनगरी की सिल बट्टा वाली गली के बीस से अधिक घरों में गंदा पानी भर गया। घर में रखा सारा सामान खराब हो गया। रविवार सुबह परिवार के सदस्य घरों से पानी निकालने में जुट गए, लेकिन जलनिकासी नहीं होने से कुछ राहत नहीं मिल पाई। यहां के लोगों का रविवार का दिन दो से तीन फीट पानी के बीच ही गुजरा। लोगों का कहना था कि नाला टूटने से बारिश के साथ गंदा पानी घरों में भर गया। हालांकि नगर निगम के कर्मचारी पंपिंग सेट लगाकर पानी निकालने में जुटे रहे। दूसरी ओर बारिश का असर शहर के दूसरे मोहल्लों पर भी पड़ा। लाइनपार के सूर्यनगर, विकास नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, बुद्धि विहार, एकता विहार में भी जलभराव की स्थिति बनी रही।
सड़क पर जलाया चूल्हा, छतों पर रखा सामान
मुरादाबाद। पीतलनगरी की सिल बट्टा गली में जलभराव होने से लोगों को काफी परेशानी हुई। घरों में जलभराव होने पर लोगों ने सड़कों पर चूल्हा जलाया। वहीं लोगों को घरों का सामान सुरक्षित करने के लिए छतों पर रखना पड़ा।
शनिवार की देर रात हुई बारिश के बाद बड़ा नाला टूट गया। इससे घरों में पानी भर गया। जल निकासी की सुविधा न होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। घरों में रखा सामान खराब हो गया।
- अनुराग शर्मा, पीतलनगरी
जलभराव से निजात के लिए यहां कोई उपाय नहीं है। बारिश का पानी निकलने में दो चार दिन लग जाते हैं। नाला टूटने से बारिश के साथ शहर का गंदा पानी सड़कों और घरों में भर गया।
- अमित शर्मा, पीतलनगरी
घरों में पानी भरने से सामान खराब हो गया। रविवार का पूरा दिन घर से पानी निकालने में निकल गया। लेकिन जलभराव कम नहीं हो सका। नाला का पानी मोहल्ले में आ रहा है।
- शिव चरण चौधरी, पीतलनगरी
देर रात हुई बारिश से मोहल्ला में जलभराव हो गया। वहीं नाला टूटने से गंदा पानी घरों में भर गया। घर का सामान छतों और सड़कों पर रखना पड़ा। जलभराव से संक्रमक बीमारी का भी खतरा है।
- बॉबी शर्मा, पीतलनगरी
दुकानों में भरा पानी, सामान खराब
मुरादाबाद। बारिश का पानी घरों में नहीं दुकानों में भर गया। कटरा नाज, रेती स्ट्रीट, बुधबाजार में जलभराव से दुकानों में पानी घुस गया। रविवार को कटरा नाज में दुकान राशन सड़कों पर रखकर सुखाया। यही हाल रेती स्ट्रीट और बुधबाजार का रहा।
करुला रोड पर गिरा बिजली का खंभा
मुरादाबाद। बारिश में करुला रोड पर बिजली का खंभा गिर गया। इससे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। बिजली विभाग के कर्मचारी दिनभर खंभा दुरुस्त करने में लगे रहे। वहीं एकता विहार में गत्ते की फैक्टरी में भी पानी भर गया। लोकोशेड के पार बारिश में दीवार गिर गई।