मंडल में डेढ़ लाख बीपीएल परिवारों को बड़ा झटका लगा है। जिस उज्ज्वला योजना से मंडल में गैस कनेक्शन जारी होने थे उस योजना को फिलहाल रोक दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस योजना को पहली अप्रैल से लागू किया जाना था। कनेक्शन पर सौ रुपये की सब्सिडी भी दी जानी थी।
ग्रामीण इलाकों में धुएं वाली रसोई को खत्म करने के लिए उज्ज्वला योजना शुरू की जा रही थी। इस योजना के अंतर्गत ग्रामीण इलाकों में महिलाओं के नाम से गैस के कनेक्शन जारी होते। एक सिलेंडर के कनेक्शन पर 1600 रुपये की सब्सिडी दी जा रही थी। बीपीएल परिवारों में महिलाओं के नाम से कनेक्शन जारी होते।
इसके लिए सभी जगह तैयारियां की जा रही थीं। आईओसी के असिस्टेंट मैनेजर अनुराग कुमार ने बताया कि मुख्यालय से जो सर्कुलर जारी हुआ है उसके मुताबिक फिलहाल इस योजना पर रोक रहेगी। माना जा रहा है कि इसके लिए अभी कोई नियमावली बनाई जा रही है। नियमावली तैयार होते ही योजना को लागू कर दिया जाएगा।
सभी गैस एजेंसियों पर इसे लेकर पिछले कई महीने से तैयारियां चल रही थीं। ग्रामीण इलाकों में गैस की सप्लाई करने के लिए कुछ ग्रामीण गैस एजेंसियों का दायरा भी बढ़ाया गया है। उन्नीस किलोमीटर तक का क्षेत्र एक गैस एजेंसी को दिया गया है।
इस दायरे में आने वाले गांवों में इन एजेंसियों द्वारा गैस की सप्लाई की जाएगी। कुछ दूसरी एजेंसियां भी जल्द ही उज्ज्वला के लिए खोली जानी हैं। अफसरों का कहना है कि सप्लाई विभाग से बीपीएल की सूची ली जाएगी। इसी सूची के आधार पर गैस कनेक्शन जारी किए जाएंगे।