मुरादाबाद। प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास पर काम कर रही है। प्रदेश सरकार ने जरूरतमंदों के आवास का सपना पूरा किया है। हर व्यक्ति को अपने जीवन में आवास का सपना रहता है। प्रदेश सरकार ने लोगों के इस सपने को पात्रता के आधार पर बिना किसी भेदभाव के पूरा करने का काम किया है।
शनिवार को सदर विकास खंड मुख्यालय पर आवास दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री, ब्लाक प्रमुख, बीडीओ और एडीओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 61 लाभार्थियों को आवासों के ताला और चाबी प्रदान की। कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि योजना के तहत जिले को आवासों का जो लक्ष्य मिला था, यहां के अधिकारियों ने उसे पूर्ण कराकर सरकार की महत्वाकांक्षी योजना को साकार किया है।
उन्होंने दावा किया कि 2022 तक जिनके पास घर नही है उन्हें घर उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार निरंतर जीवन स्तर को सुधारने का कार्य कर रही है। पारदर्शी व्यवस्था के तहत जिनका नाम पात्रता सूची में हैं उन्हें आवास योजना का लाभ दिया गया है। सभी योजनाओं में व्यापक स्तर पर कार्य करते हुए सरकार हर क्षेत्र में सफल हुई है। सरकार लोक कल्याणकारी राज्य की अवधारणा पर कार्य कर रही है। यहां के अधिकारियों ने बहुत अच्छा कार्य कराए हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह ने कहा कि आवास हर व्यक्तिका सपना एवं मूलभूत आवश्यकता होती है। सरकार आवास योजना के माध्यम से हर पात्र को आवास उपलब्ध करा रही है। मुख्य विकास अधिकारी आनंद वर्धन ने कहा कि जिले के सभी विकास खंडों में आवास दिवस मनाया जा रहा है। जिन लोगों के आवास पूर्ण हुए हैं उनको चाबी एवं ताला वितरित किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि दस हजार आवास पूर्ण करने वाला मुरादाबाद प्रदेश का पहला जिला बन गया है। दिसंबर तक सभी आवासों को पूर्ण कर लाभार्थियों को आवास उपलब्ध करा दिया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि एक माह में लक्ष्य पूर्ण कर लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
परियोजना निदेशक सतीश प्रसाद मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में 11327 आवासों को पूर्ण किया गया है। सभी विकास खंडों में निर्मित प्रधानमंत्री आवासों के साथ स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय, विद्युत कनेक्शन तथा अन्य योजनाओं से भी लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख मनीष कुमार सिंह, एडीओ (पंचायत) आमोद कुमार शर्मा, एडीओ (आईएसवी) मदनपाल समेत कई अधिकारी व ब्लाक कर्मचारी तथा लाभार्थी मौैजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मदनपाल ने किया। अंत में खंड विकास अधिकारी प्रज्ञा यादव ने सभी का आभार व्यक्त किया।
.