मुरादाबाद। भगतपुर थाना क्षेत्र के डूगरपुर चौराहे पर बाइक सवार दो युवकों को एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। घायलों को गंभीर अवस्था में यहां जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। घायल रिश्ते में चाचा-भतीजा हैं।
पुलिस के अनुसार जिला अमरोहा के डिडोली थाना क्षेत्र निवासी फर्मकर्मी तेजपाल (26) अपने रिश्ते में भतीजे रोहित (24) के साथ बाइक से शनिवार देर रात ढेलिया गांव टांडा अपनी मौसी के घर जा रहा था। रास्ते में भगतपुर थाना क्षेत्र के गांव डूगरपुर के चौराहे पर पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे दोनों गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ट्रक व उसके चालक की तलाश में जुट गई है।