मुरादाबाद। लखनऊ में अलकायदा के दो आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद मुरादाबाद में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। साथ ही मुरादाबाद में भी उनके कनेक्शन तलाशे जा रहे हैं।
लखनऊ में रविवार अलकायदा के दो आतंकी पकड़े जाने और स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रदेश के कई शहरों को निशाना बनाने की साजिश के खुलासे के बाद मुरादाबाद पुलिस भी सतर्क हो गई है। एसएसपी पवन कुमार ने बताया कि पकड़े गए आतंकियों के मुरादाबाद में किसी तरह के संबंध होने की फिलहाल सूचना नहीं मिली है, लेकिन ऐहतियात के तौर पर इसे दिखवाया जा रहा है। सतर्कता भी बढ़ा दी गई है। आला अधिकारियों से भी इस संबंध में संपर्क कर जानकारी ली जा रही है। एसएसपी ने बताया कि जिले में चेकिंग के दौरान संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।