ठाकुरद्वारा। जलालपुर खालसा स्थित शुगर मिल के गन्ना सेंटर पर काम करते समय एक मजदूर गिरकर घायल हो गया था। शनिवार को भाकियू टिकैत के कार्यकर्ताओं ने वहां घायल मजदूर नवाब के इलाज की मांग को लेकर उसे आर्थिक मदद देने को लेकर धरना प्रदर्शन किया।
इस दौरान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की। उनका कहना था कि शुगर मिल के वाहन पर गन्ना भरते समय वह गिरकर घायल हुआ था। उन्होंने कहा कि मजदूर नवाब की शुगर मिल को मदद करनी चाहिए। इस पर शुगर मिल के गन्ना प्रबंधक प्रभात चौहान और चौकी पुलिस इंचार्ज पुलिस चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे। यूनियन कार्यकर्ताओं से वार्ता की। शुगर मिल के अधिकारी ने आश्वासन दिया कि उनकी मांग के संबंध में अपने अधिकारियों को अवगत कराएंगे। धरना प्रदर्शन में यूनियन के तहसील अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष उदयपाल सिंह, सोमवीर सिंह, तेजपाल सिंह, रामपाल सिंह, नेकपाल सिंह आदि मौजूद रहे।