बिलारी (मुरादाबाद)। कोतवाली क्षेत्र में चंदौसी-मुरादाबाद रेलवे लाइन के किनारे सोमवार सुबह एक फर्म कर्मी का सिर कटा शव पड़ा मिला। जेब में मिले पीतल फर्म के कार्ड से युवक की शिनाख्त हुई। फर्म कर्मी रविवार दोपहर से घर से लापता था।
कोतवाली के ढकिया नरू गांव में राजा का सहसपुर रेलवे जंक्शन के निकट निवासी रिटायर्ड रेलकर्मी रामस्वरूप का बेटा अर्जुन सिंह (22) मुरादाबाद की एक एक्सपोर्ट फर्म में काम करता था। रविवार को उसका अवकाश होने की वजह से वह फर्म में ड्यूटी करने नहीं गया। रविवार सुबह 11 बजे घर से यह कहकर निकला कि वह रेलवे जंक्शन की ओर घूमने जा रहा है। शाम तक नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और रविवार की आधी रात तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया।
सोमवार सुबह लगभग दस बजे ईसापुर गांव के कुछ किसानों ने बिलारी और कुंदरकी के बीच रेलवे लाइन के पश्चिमी किनारे पर एक युवक का शव पड़ा देखा, जिसका सिर गर्दन से कटने के बाद मौके पर गायब था। ग्रामीणों ने सहसपुर जंक्शन स्थित जीआरपी को शव पड़ा होने की सूचना दी। जीआरपी के कार्यवाहक प्रभारी मुस्तकीम घटना स्थल पर पहुंचे और जांच की। उसकी जेब में रखे मिले पीतल फर्म के परिचय पत्र के आधार पर उसकी शिनाख्त अर्जुन सिंह के रूप में हुई।
जीआरपी ने युवक का शव मिलने की सूचना कोतवाली बिलारी पुलिस और मृतक के परिजनों को दी। कुछ देर में ही कोतवाली पुलिस और उसके परिजन घटना स्थल पर पहुंच गए। उसके पिता रामस्वरूप और भाई दीपक ने कपड़े देखकर कहा कि यह शव अर्जुन सिंह का ही है। पुलिस ने जब रामस्वरूप से पूछा कि आप क्या कानूनी कार्रवाई करना चाहते हैं तो उसने कुछ भी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एक्सप्रेस ट्रेन से फर्म कर्मी के कटने की संभावना
बिलारी। रेलवे लाइन के किनारे मिला अर्जुन सिंह का शव देखकर पुलिस और परिजनों का यह अनुमान है कि वह तेज रफ्तार एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आकर कट गया। लेकिन सहसपुर रेलवे जंक्शन से घटना स्थल तक कैसे पहुंचा, इस बारे में परिजन कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। उसके पिता रामस्वरूप का कहना है कि उनकी किसी से भी कोई रंजिश नहीं है। पिता ने संभावना जताई कि रात में किसी तरह से अर्जुन रेलवे लाइन के किनारे चल रहा होगा, तभी किसी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया। संवाद
मृतक फर्म कर्मी की मां और बहन हुईं बेहोश
बिलारी। सहसपुर रेलवे जंक्शन के सामने सब्जी मंडी इलाके में जैसे ही यह खबर पहुंची कि अर्जुन सिंह का ईसापुर गांव के पास सिर कटा हुआ शव मिला है तो परिजनों में कोहराम मच गया। अर्जुन सिंह की मां मुन्नी देवी और अविवाहित बहन दहाड़ें मारकर रोने लगीं। इस दौरान वह बेहोश हो गईं। अर्जुन की बड़ी बहन की शादी हो चुकी है और उसका बड़ा भाई दीपक अपने पिता द्वारा सेवानिवृत्त से पहले वीआरएस ले लिए जाने की वजह से रेलवे में नौकरी कर रहा है। संवाद