मुरादाबाद। पंजाब में जालंधर और चहेरू रेलखंड पर किसानों के आंदोलन के चलते शनिवार को भी कई ट्रेनें प्रभावित रहीं। इसमें मुरादाबाद रेल मंडल से गुजरने वाली विभिन्न ट्रेनें रद्द की गईं तो वहीं कुछ ट्रेनों को अल्प दूरी के लिए ही चलाया गया।
बनारस से जम्मूतवी के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या (02237) बेगमपुरा एक्सप्रेस को बरेली में ही रोक दिया गया। इसमें सवार यात्रियों को आगे की यात्रा की टिकट के रुपये रिफंड के माध्यम से वापस करा दिए गए।
शुक्रवार को पंजाब मेल और कानपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस को मुरादाबाद में शॉर्ट टर्मिनेट किया गया था। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। डीसीएम गौरव दीक्षित ने बताया कि रविवार को भी गाड़ी संख्या (05211) दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस को बरेली तक ही चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगे भी कुछ गाड़ियां निरस्त की जा सकती हैं।