रोडवेज पर मेरठ की बस ना मिलने पर प्रदर्शन करते यात्री। संवाद
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। सोमवार को शहर में विभिन्न स्थानों पर जाम के कारण बस अड्डों पर बसें समय से नहीं पहुंच पाईं। इसके चलते यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बीएड की परीक्षा देने मेरठ, बागपत और गाजियाबाद आदि जनपदों में जा रहे परीक्षार्थियों को जब कंट्रोल रूम से भी कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। इसके दो घंटे बाद बसें डिपो पर पहुंचीं।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में बीएड की परीक्षाएं चल रही हैं। मंगलवार को भी परीक्षी होनी है जिसके लिए परीक्षार्थी रवाना हो रहे थे। दोपहर ढाई बजे से परीक्षार्थी मुरादाबाद बस डिपो पर आना शुरू हो गए। जब सवा तीन बजे तक बस नहीं आई तो उन्होंने कंट्रोल रूम और बुकिंग कार्यालय में जाकर देखा। दोनों जगह कोई भी मौजूद नहीं था। थोड़ी देर बाद परीक्षार्थियों के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। रोडवेज कर्मचारियों ने परीक्षार्थियों को समझाया तब जाकर मामला शांत हुआ।