हाईवे पर शहबाजपुर डोर के सामने ओवरटेक करते समय बरेली डिपो की रोडवेज बस आईटीबीपी के ट्रक से टकरा गई। दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। बस में सवार यात्री भी चोटिल हुए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल यात्रियों का नजदीकी अस्पताल में उपचार कराया।
पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह साढ़े नौ बजे आईटीबीपी के ट्रक में जवान दिल्ली से मुरादाबाद की तरफ जा रहे थे। ट्रक में जवान आगे बैठे थे। पीछे उनका सामान भरा हुआ था। शहबाजपुर डोर के सामने बरेली डिपो की रोडवेज बस ओवरटेक करते समय ट्रक से टकरा गई।
बताया जा रहा है कि रफ्तार बहुत अधिक होने से बस चालक ओवरटेक करते समय बस पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक से टकराने पर बस में सवार यात्री सीटों से गिर गए। बस आगे से और ट्रक पीछे से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने हादसे में घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। क्षतिग्रस्त ट्रक और बस को हाईवे किनारे खड़ा करा दिया गया।
रोडवेज बस के चालक और परिचालक की आईटीबीपी जवानों से कहासुनी की नौबत आने पर पुलिस ने उनको थाने में बुलाया। थाना प्रभारी राजेश कुमार तिवारी का कहना है कि बरेली डिपो की रोडवेज बस ओवरटेक करते समय आईटीबीपी जवानों के ट्रक से टकरा गई। दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। दोनों वाहन सरकारी होने पर आपसी समझौते के बाद कोई कार्रवाई नहीं की गई।