हमेशा स्थान और संगत का बहुत महत्व होता है। यदि संसार में रमकर रहोगे तो जीते जी नर्क में रहोगे। भगवान हनुमान के होके रहोगे तो परम सुख की प्राप्ति होगी। हनुमान जी की शरण में रहोगे तो संकटों की मजाल नहीं जो तुम्हारा बाल भी बांका कर पाए। ये बातें बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहीं। वह नया मुरादाबाद स्थित लोहिया एस्टेट में श्री राम बालाजी धाम बाबा नीब करौरी आश्रम ट्रस्ट और लोहिया मानव कल्याण ट्रस्ट की ओर से आयोजित चार दिवसीय श्री हनुमंत कथा एवं दिव्य दरबार के शुभारंभ के अवसर पर बोल रहे थे।
भव्य पंडाल, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़, चौपाई और भजनों की धुनों के बीच में जयकारों की गूंज, भक्तिभाव में झूमते हुए श्रद्धालु और सभी के होठों पर बस एक ही नाम जय हनुमान बालाजी महाराज, कुछ ऐसा ही नजारा था कथा स्थल का। हनुमान ग्रंथ और हनुमान जी की पूजा, हर-हर महादेव के जयकारे, सिया राम मैं सब जग जानी चौपाई, श्री राम जय राम जय-जय राम के जयकारे से पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कथा का शुभारंभ किया। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने हनुमान जी की आरती की।
हनुमान जी साक्षी हैं, जब यहां आए और यह चौपाई पढ़ी तो लगा कि हनुमान जी हमारे मनोभावों पर संकेत करके चले गए हैं। उन्होंने कहा कि जहां बरसात नहीं होती वहां फसलें खराब हो जाती हैं और जहां भक्ति नहीं होती तो वहां नस्लें खराब हो जाती हैं। इसलिए मुरादाबाद वासियों के लिए विशेष है कि यहां की नस्लें रामभक्त होंगी तो पूरे विश्व में रामनाम की पताका फहराती रहेगी।
कहा, श्रद्धालु साथ लाएं हनुमान चालीसा
उन्होंने कहा कि भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए सभी को प्रतिबद्ध होना पड़ेगा, तभी हिंदू राष्ट्र बन पाएगा। उन्होंने पंडाल में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को आमंत्रित करते हुए कहा कि मंगलवार को कथा के बाद सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। इसलिए सभी श्रद्धालु अपने साथ हनुमान चालीसा लेकर आएं। इसके बाद हिंदू राष्ट्र बनाने में सभी अपना सहयोग देंगे।
दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
वैसे तो धीरेंद्र शास्त्री के कथा का डंका पूरे देश में बजता है। इनके चाहने वाले भी लाखों की संख्या में है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सोमवार को कथा स्थल पर कानपुर, शाहजहांपुर, रामपुर, दिल्ली, बिहार से हजारों की संख्या में भक्त पहुंचे थे।
ये लोग परिवार के साथ कथा सुनने और अर्जी लगने की आस में पहुंचे हैं। कथा स्थल पर भक्तों के जयकारे से खाली नजर नहीं आया। कुछ लोग एक दिन पहले से यहां आकर सोए हुए है। उनको विश्वास है कि धीरेंद्र शास्त्री दिव्य दरबार में उनके नाम की अर्जी जरूर लगाएंगे।
लोहिया एस्टेट कथा स्थल पर सोमवार से शुरू हुई श्री हनुमंत कथा के पहले दिन दोपहर 1:30 बजे ही पंडाल श्रद्धालुओं से भर गया। महिलाएं जगह-जगह ग्रुप बनाकर हनुमान चालीसा गा रहीं थीं। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को देखने के लिए श्रद्धालु काफी उत्सुक नजर आए।