मुरादाबाद। रेस्टोरेंट के बाहर खौफनाक मंजर देख लोग सहम गए। आरोपी ने चाकू से छात्रा पर ताबड़तोड़ वार किए। इस दौरान छात्रा अपनी जान बचाने को गिड़गिड़ाती रही, लेकिन आरोपी युवक को कोई रहम नहीं आया। इसके बाद छात्रा लहूलुहान होकर वहीं गिर गई।
मझोला क्षेत्र में मिठाई की दुकान चलाने वाला देशराज सैनी लंबे समय से छात्रा को परेशान कर रहा था। कभी रास्ते में घेरकर अपने प्यार का इजहार करने लगा था तो कभी फोन पर परेशान करता था। युवती ने हर बार उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी की हरकतें बढ़ती जा रही थीं। सोमवार शाम छात्रा कांठ रोड पर अपनी सहेली से मिलने गई थी। इसकी भनक आरोपी को लग गई। वह छात्रा का पीछा करते हुए कांठ रोड तक पहुंच गया था। आरोपी ने यहां भी छात्रा को रोक लिया और प्यार का इजहार किया, छात्रा ने आरोपी को समझाने का प्रयास किया तो वह आत्महत्या की धमकी देने लगा। इसके बाद वह छात्रा को रेस्टोरेंट के अंदर ले गया। यहां भी आरोपी ने छात्रा पर दबाव बनाया, लेकिन छात्रा ने उससे संबंध रखने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद छात्रा रेस्टारेंट से बाहर आ गई। पीछे से आरोपी भी आ गया। उसने छात्रा पर फिर से दबाव बनाया कि अगर वह उससे प्यार नहीं करेेगी तो वह आत्महत्या कर लेगा। लेकिन छात्रा उसके दबाव में नहीं आई। इससे गुस्साए आरोपी ने अपनी अंटी से चाकू निकाला और छात्रा पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए। उस वक्त कांठ रोड पर खासी भीड़ थी। इस घटना को देखकर वहां मौजूद लोग सहम गए। उन्होंने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने उन्हें भी चाकू दिखाकर भाग दिया।