मुरादाबाद। घर से रात में टहलने निकले फैैक्टरी कर्मी पर दो भाइयों ने चाकू से हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने के बावजूद युवक ने एक हमलावर को दबोच लिया। हमलावर ने छूटने का काफी प्रयास किया लेकिन घायल युवक ने पुलिस केे पहुंचने तक उसे पकड़े रखा। पुलिस ने हमलावर को हिरासत में लिया और घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
बिजली निगम से सेवानिवृत्त मुकेश बाबू का परिवार कांशीराम नगर में किराये के मकान में रहता है। मुकेश बाबू की पत्नी कैलाश देवी ने बताया कि उनका 28 वर्षीय बेटा लोकेश सैनी फैक्टरी में काम करता है। शनिवार रात करीब आठ बजे वह टहलने के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान कांशीराम नगर निवासी नन्नू और उसका भाई आ गए। आरोप है कि दोनों भाइयों ने लोकेश को घेर लिया और उससे मारपीट की। इस दौरान नन्नू ने लोकेश के पेट में चाकू घोंप दिया। लोकेश लहूलुहान हो गया लेकिन उसने हमलावर नन्नू को पकड़ लिया। हमलावर ने छुड़ा कर भागने की कोशिश की लेकिन लोकेश ने उसे हाथों में जकड़ लिया। नन्नू का भाई भाग निकला। कुछ लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। आनन फानन मौके पर पहुंची पुलिस ने हमलावर को हिरासत में ले लिया। लोकेश के परिजन भी इस दौरान पहुंच गए और उसे तुरंत साईं अस्पताल पहुंचाया। मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी नन्नू को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।