कटघर के बलदेवपुरी निवासी राम किशोर मकान निर्माण में मजदूरी करता है। उसकी पत्नी भूरी (35) फड़ लगाकर कपड़े बेचती थी। बुधवार रात भूरी और उसकी तीन बेटियां कविता, भावना और मोनी घर में मौजूद थीं। जबकि रामकिशोर अपने बेटे कृष्णा को साथ लेकर रामपुर के मिलक में भतीजे की शादी में शामिल होने गया था।
रामकिशोर की बेटी भावना ने पुलिस को बताया कि कटघर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर पट्टी निवासी असलम अंसारी बुधवार रात करीब आठ बजे उसके पिता की गैर मौजूदगी में घर आया था। आरोपी मकान की पहली मंजिल पर कमरे में जाकर बैठ गया था। इसके बाद मां बेटियों ने साथ बैठकर खाना खाया।
इसके बाद भूरी ने तीनों बेटियों को नीचे भेज दिया था। बेटी का कहना है कि इसी बीच आरोपी असलम ने उनके कमरे का दरवाजा बंद कर दिया था। इसके बाद असलम और भूरी पहली मंजिल पर चले गए थे। इसके बाद तीनों बेटियां सो गई थी। सुबह बेटियां जागी तो उन्होंने देखा कि दरवाजा बाहर से बंद है।
उन्होंने दरवाजा खोलने का प्रयास किया लेकिन दरवाजा नहीं खुल पाया। बेटियों ने अपनी मां को आवाज दी लेकिन उसने भी कोई जवाब नहीं दिया। शोर मचाने पर पड़ोस में रहने वाली एक महिला आ गई और उसने दरवाजा खोलकर बेटियों बाहर निकाला। बेटियों ने ऊपरी मंजिल पर जाकर देखा तो भूरी का शव फर्श पर पड़ा था।
इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस आ गई और फोरेंसिक भी मौके पर बुला ली गई। घटना की जानकारी मिलने पर राम किशोर भी रामपर से घर आ गए। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि पति की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है।
गुरुवार रात करीब आठ बजे कटघर क्षेत्र में रफातपुर पुल के पास पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी असलम को को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
भूरी ने कॉल कर पति को रात में आने के लिए कर दिया मना
रामकिशोर ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे रामपुर के मिलक में शादी समारोह में शामिल होने गया था। बुधवार पौने आठ बजे पत्नी भूरी ने उसे फोन किया था। भूरी ने उससे कहा कि ठंड है। रात में वहीं रुक जाना। सुबह खाना खाने के बाद ही आना। पत्नी के कॉल करने पर रामकिशोर मिलक में ही रुक गया था।