मुरादाबाद। सांई क्रिकेट एकेडमी द्वारा आयोजित मुरादाबाद किरे्कट चैंपियनशिप में मंगसवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में अर्धमौनी मानसरोवर ने वन लेवल टीम को हराया। इसमें अर्धमौनी मानसरोवर टीम के कप्तान अमन लिट को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मैच में ब्रास सिटी ने आरएनएस टीम को हराया। इसमें कार्तिक सिद्धू को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पहले मैच में अर्धमौनी मानसरोवर के कप्तान अमन लिट ने टॉस जीतकर गेंदबाजी को चुना। वन लेवल टीम 17 ओवर में महज 70 रन बनाकर ढेर हो गई। गोविंद वोरा से सर्वाधिक 26 रन बनाए। अर्धमौनी मानसरोवर टीम के अमन लिट और सार्थक चौधरी ने तीन-तीन विकेट लिए। अर्धमौनी टीम ने बल्लेबाजी करते हुए 71 रनों का लक्ष्य 11 वें ओवर में हासिल कर लिया। उजैर ने सर्वाधिक 24 रन बनाए। वन लेवल टीम के प्रियांशु ने दो विकेट लिए।
दूसरे मैच में ब्रास सिटी टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी की और 174 रनों का लक्ष्य आरएनएस टीम को दिया। इसमें वाकर जैदी ने 60 और मोहम्मद फरीद ने 54 रन बनाए। आरएनएस टीम की ओर से विपिन सिंह ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए आरएनएस की टीम 164 रनों पर ढेर हो गई। इसमें जियाउररहमान ने सर्वाधिक 64 और प्रीत सिरोही ने 56 रन बनाए। गेंदबाजी में ब्रास सिटी टीम के कार्तिक सिद्धू ने चार और निखिल चौहान ने तीन विकेट चटकाए। अंपायरिंग शमशाद और सतेंद्र ने की।
मैच के दौरान मुख्य अतिथि राजेश रस्तोगी, आईपीएल खिलाड़ी मोहसिन खान, केजीके कॉलेज के प्राचार्य सुनील चौधरी, अनिल चौहान, सुशील शर्मा, आलोक राठौर, प्रिंस आदि मौजूद रहे।