मुरादाबाद। बलिया निवासी एक किशोरी पिता की डांट से क्षुब्ध होकर घर से भागकर मुरादाबाद पहुंच गई। पिता ने किसी से फोन पर बात करने के कारण उसे डांटा था, जिसके बाद वह घर से निकलकर ट्रेन में बैठ गई। आरपीएफ के सहयोग से किशोरी शोभना ग्रामोद्योग संस्था द्वारा संचालित रेलवे चाइल्ड लाइन को मिली। चाइल्ड लाइन के काउंसलरों ने किशोरी के पिता से संपर्क कर उसके सकुशल होने की सूचना दी। इसके बाद किशोरी के परिजन उसे लेने मुरादाबाद पहुंच रहे हैं।
चाइल्ड लाइन के केयरटेकर अतीक फारुकी ने बताया कि किशोरी बलिया रेलवे स्टेशन से ट्रेन में बैठकर दिल्ली पहुंची थी। वहां से ख्वाजा गरीब नवाज एक्सप्रेस में सवार हो गई। लड़की को अकेला देखकर किसी यात्री ने फोन पर मुरादाबाद आरपीएफ को सूचना दी। यहां आरपीएफ कर्मियों ने किशोरी को रेलवे चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया। चाइल्ड लाइन के काउंसलरों ने किशोरी को समझाकर उसके माता पिता से संपर्क कर घर भेजने का प्रबंध कर दिया है।