मुरादाबाद। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन के प्रांतीय सम्मेलन में मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जमकर गरजीं। वक्ताओं ने अपने अधिकार पाने के लिए एकजुट होकर संघर्ष का आह्वान किया। पंचायत भवन सभागार में रविवार को आईसीडीएस बचाओ, आंगनबाड़ी बचाओ सम्मेलन में कई प्रस्ताव पास किए गए।
सम्मेलन की शुरुआत शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के शहादत दिवस पर पुष्प अर्पित कर की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशभक्ति गीत, प्रेरणा गीत और आंगनबाड़ी कर्मचारियों द्वारा स्वरचित गीत प्रस्तुत किए गए। शिवा, काजल, प्रिया, संजना, विनीता, राजी, हीरावती और रेनू ने गीत प्रस्तुत किए। सृजन ने बांसुरी वादन किया।
प्रदेश महासचिव शशिबाला ने कहा कि संगठन के संघर्ष से कर्मचारियों को कई बार मानदेय वृद्धि, प्रमोशन और अन्य सुविधाएं मिली हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी कर्मचारियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिए जाने, पूरा वेतन, फंड और पेंशन देने की मांग दोहराई। साथ ही संगठन की इन वाजिब मांगों को पूरा कराने के लिए सभी से एकजुट होकर संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
सम्मेलन की अध्यक्षता शशिबाला ने की और संचालन रजनी दिवाकर ने किया। सम्मेलन में प्रदेश के करीब 30 जिलों से आईं सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सम्मेलन को सरिता शाक्य, हीरावती, मिथलेश चौधरी, कमलेश चाहल, विनीता शर्मा, पूनम विश्नोई, ओमवती गंगवार, एआईटीयूसी के प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मदेव, जीविका बचाओ आंदोलन समिति के जिलाध्यक्ष हरिकिशोर सिंह ने भी संबोधित किया।
000
सम्मेलन में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से हुए पारित
- सम्मेलन में सुप्रीम कोर्ट और गुजरात हाईकोर्ट के आदेश के तहत आंगनबाड़ी कर्मचारियों को सरकारी कर्मचारी घोषित कर पूरा वेतन व पेंशन दी जाए।
- रिटायरमेंट पर पेंशन या एकमुश्त धनराशि मिले और रिटायरमेंट की आयु 65 वर्ष हो।
- आंगनबाड़ी केंद्रों में ऑनलाइन कार्य ना थोपा जाए और इसके लिए अलग से 2500 मासिक भत्ता दिया जाए।
- फेस आईडी से लाभार्थी सत्यापन की नीति वापस ली जाए।
0000
शशिबाला प्रदेश अध्यक्ष, हीरावती महासचिव चुनीं गईं
सम्मेलन में सर्वसम्मति से 51 सदस्यीय प्रदेश कमेटी का गठन हुआ। जिसमें मुरादाबाद निवासी शशिबाला को अध्यक्ष, मैनपुर की सरिता शाक्य को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कानपुर की हीरावती को महासचिव, और माया देवी को कोषाध्यक्ष चुना गया। सम्मेलन में वक्ताओं ने ऐलान किया कि एक मई को मजदूर दिवस पर प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन होगा। 20 मई को केंद्रीय ट्रेड यूनियनों की हड़ताल में आंगनबाड़ी कर्मचारी भी शामिल होंगी। पांच अक्तूबर को लखनऊ के ईको पार्क में संयुक्त रैली आयोजित की जाएगी।