मोहल्ला निवासी गुलजार मोहम्मद की बेटी भूरी (33) का भाभी सयमा से विवाद हो गया था। बताया गया कि भूरी की बड़ी बहन बब्बो के छह वर्षीय बेटे हसनैन का खेलते समय सयमा की सात वर्षीय बेटी आयत से झगड़ा हो गया था।
बच्चों के बीच हुए विवाद की शिकायत लेकर भूरी सयमा के पास पहुंची थी। इसी बात को लेकर दोनों महिलाओं के बीच कहासुनी होने लगी और मामला बढ़ गया। आरोप है कि विवाद के बाद सयमा का देवर और भूरी का चचेरा भाई राजा (28) वहां पहुंच गया।
नशे की हालत में उसने तमंचे से फायर कर दिया। गोली भूरी के कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलने पर अमरोहा नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए सीएचसी अमरोहा पहुंचाया।
बताया गया कि आरोपी राजा मजदूरी करता है। वहीं, पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच झगड़ा होने की बात सामने आई है, लेकिन गोली लगने की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था, लेकिन गोली लगने की घटना संदिग्ध लग रही है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। जिस व्यक्ति पर गोली मारने का आरोप है, उसकी गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। - डॉ. प्रदीप कुमार, सीओ सिटी