भगतपुर टांडा। पुलिस ने तीन माह पहले मृत हुई एक विवाहिता का शव रविवार सुबह कब्र से निकवाकर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक महिला के मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वालों ने जहर देकर उसकी हत्या की है। पुलिस ने इस मामले में पति समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण विसरा सुरक्षित रखा गया है।
थाना भगतपुर के ग्राम भगतपुर टांडा निवासी इरफान का विवाह 21 मार्च 2021 को उत्तराखंड ऊधम सिंह नगर के थाना कुंडा क्षेत्र के बाबरखेड़ा निवासी मुनव्वर की पुत्री आसमा (23) से हुआ था। थाना प्रभारी लखपत सिंह ने बताया कि कुछ दिनों तक बीमार रहने केे बाद आसमा की 31 जनवरी को मौत हो गई थी। एक फरवरी को उसके शव को परिवार वालों ने दफन कर दिया था। उस समय तक आसमा के मायके वालों ने किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की थी। कुछ दिन बाद पिता मुनव्वर ने दहेज की मांग पूरी न होने पर बेटी की जहर देकर हत्या का आरोप लगाना शुरू किया। उनकी तहरीर पर भगतपुर थाने में आसमा के पति इरफान, सास-ससुर, तीन देवर और दो ननद सहित आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे की विवेचना के लिए शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि इरफान पेशे से अधिवक्ता है।
एसपी ग्रामीण विद्यासागर मिश्र ने बताया कि आसमा की मौत के समय मायका पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी थी। उसके कुछ समय बाद से मृतका के मायके वाले दहेज की खातिर जहर देकर हत्या के आरोप लगा रहे थे। जिसके आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था। डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट के आदेश पर नायब तहसीलदार गौरव विश्नोई की मौजूदगी में थाना भगतपुर पुलिस और फोरेंसिंक टीम ने शव को कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया है। घटना की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।