मोहल्ला नेहारी में जलभराव। अमर उजाला
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। मानसून शुरू होने के एक महीने बाद रविवार देर रात 70.4 मिलीमीटर और सोमवार को 14.2 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग ने कुल 84.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की। भारी बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वैज्ञानिकों का कहना है कि मंगलवार को हल्की बारिश के बाद मौसम साफ हो जाएगा।
पंतनगर विश्विद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि मंगलवार को 25 से 30 मिली मीटर बारिश का अनुमान है। इसके बाद बादल छा सकते हैं। हालांकि मंगलवार को मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी किए जाने वाले पूर्वानुमान में शुक्रवार तक की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। मुरादाबाद में मानसून के निर्धारित समय 25 जून से एक सप्ताह पहले 18 जून को सौ मिली मीटर से अधिक बारिश हुई थी। इसके बाद से बारिश के लिए शहरवासी तरस गए। भीषण गर्मी और उमस से बचने के लिए बारिश का इंतजार होता रहा। बीच में तीन बार में लगभग 15 मिली मीटर बारिश ही हो सकी। इसके बाद रविवार को तीन मिली मीटर बारिश हुई। देर रात करीब 11 बजे से तेज बारिश शुरू हुई, जो सोमवार सुबह चार बजे तक हुई। इसके बाद सोमवार सुबह 11 बजे तक कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश होती रही। दोपहर साढ़े तीन बजे भी बारिश हुई। लगातार बारिश की वजह से दूसरे दिन सोमवार को भी धूप नहीं निकली। सोमवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय वातावरण में नमी 98 फीसदी थी, जो शाम को 97 फीसदी दर्ज की गई। हवा की गति दस किलोमीटर पूरब से पश्चिम दिशा में रही।